✅ Janmat Samachar.com© provides latest news from India and the world. Get latest headlines from Viral,Entertainment, Khaas khabar, Fact Check, Entertainment.

जरूरी नहीं कि नमाज पार्क में ही पढ़ी जाए : गिरिराज सिंह

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में जनसंख्या नियंत्रण का एजेंडा लेकर बुधवार यहां पहुंचे केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण कानून का विरोध करने वालों से मतदान का अधिकार छीन लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत एक ऐसा देश बन गया है कि हर चीज को लोग वोट की नजर से ही देखते हैं।

गिरिराज सिंह ने कहा कि दुर्भाग्य है इस देश का कि हर मुद्दे को चुनाव से जोड़ दिया जाता है। उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी समस्या है बढ़ती हुई आबादी और सामाजिक समरसता। इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। जिस दिन देश की जनता में सहमति का वातावरण बनेगा उस दिन कानून बनेगा।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह यहां स्वतंत्रता सेनानी भवन में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। नोएडा के पार्क में नमाज पढ़ने पर पाबन्दी लगाये जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो कानून आड़े आता है उसे धर्म से जोड़ दिया जाता है। कानून का पालन करना सभी का कर्तव्य है चाहे वह हिन्दू हो या मुसलमान। जरूरी नहीं है कि पार्क में ही नमाज पढ़ी जाये, नमाज पढनी है तो घर में पढं़े या मस्जिद में पढ़ें।

यहां ओवैसी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि ओवैसी जैसे लोग अपने बयान से देश में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। वह पकिस्तान के इमरान खान की आवाज न बनें, जो पाकिस्तान बोल रहा है वह न बोलें। पाक में 22 से 23 प्रतिशत हिन्दू गए थे आज एक प्रतिशत से नीचे हैं। पाक में सैकड़ों मंदिरें ढह गई वहीं भारत में लाखों मस्जिदें बन गई हम तो प्यार से गले लगे हुए हैं लेकिन ओवैसी अपने बयान देकर देश में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं।

— आईएएनएस

About Author