✅ Janmat Samachar.com© provides latest news from India and the world. Get latest headlines from Viral,Entertainment, Khaas khabar, Fact Check, Entertainment.

रेखा गुप्ता की सास ने कहा, ‘उसने परिवार का नाम किया रौशन, बनेगी दिल्ली की मुख्यमंत्री’

नई दिल्ली, 19 फरवरी । दिल्ली में बुधवार शाम होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री के नाम से पर्दा उठ जाएगा। बैठक से पहले कई नामों को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। प्रमुख नामों में से एक नाम शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता का भी है। उनके परिवार को उम्मीद है कि वह मुख्यमंत्री जरूर बनेंगी।

रेखा गुप्ता के परिवार के लोग उनके राजनीतिक सफर पर गर्व महसूस कर रहे हैं। उनकी सास मीरा गुप्ता ने कहा, “यह बहुत अच्छी बात है। उन्होंने हमारे पूरे परिवार – ससुराल और मायके दोनों को गौरव और सम्मान दिलाया है। पहली बार हमारे परिवार से कोई नेता बना है। वह पहली बार पार्षद चुनी गई, फिर पहली बार विधायक बनी और अब वह पहली बार मुख्यमंत्री बनने की राह पर है।”

रेखा गुप्ता की एक पड़ोसी ने कहा, “हमने चुनाव में बहुत मेहनत की है। हम उम्मीद करते हैं कि वह दिल्ली की मुख्यमंत्री बनेंगी। वह दिल्ली को बहुत आगे लेकर जाएंगी। उन्होंने परिवार की भी जिम्मेदारी बहुत अच्छी तरह निभाई है।”

इससे पहले, मुख्यमंत्री की दावेदारी को लेकर रेखा गुप्ता ने अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने मीडिया से कहा कि यहां किसी की कोई दावेदारी नहीं है। मीडिया में ही नामों को लेकर चर्चा हो रही है। भाजपा में संगठनात्मक निर्णय ही अंतिम होता है। पार्टी जिसे भी जिम्मेदारी देगी, वह समर्पित होकर काम करेगा। मुझे विश्वास है कि भाजपा का मुख्यमंत्री बनते ही दिल्ली में एक नया अध्याय शुरू होगा। भाजपा की सरकार में दिल्ली में विकास की नई गाथा लिखी जाएगी। यहां वे सभी काम होंगे, जिसके लिए दिल्ली की जनता ने हमें चुना है।

–आईएएनएस

About Author