नई दिल्ली, 6 अक्टूबर । बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का सोमवार को ऐलान कर दिया गया है। बिहार की 243 सीटों पर दो चरणों में वोटिंग कराई जाएगी। पहले चरण में 121 सीटों पर 6 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। दूसरे फेज में 122 सीटों के लिए 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। जबकि चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
वहीं, चुनाव की तारीख के ऐलान होने के साथ ही आईएएनएस-मैटराइज का सर्वे सामने आया है। बिहार में किसके सिर पर सत्ता का ताज सजेगा? इसको लेकर सर्वे में प्रदेश की जनता की राय ली गई है।
आईएएनएस-मैटराइज सर्वे के मुताबिक बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बन सकती है, जबकि विपक्ष गठबंधन को झटका लगता हुआ सर्वे के नतीजों में दिखाई दे रहा है। सर्वे के मुताबिक, राज्य की 243 सीटों में से एनडीए को 150-160 सीटें मिल सकती है, वहीं इंडी गठबंधन को 70 से 85 सीटें मिलने का अनुमान है।
243 विधानसभा सीट वाले बिहार चुनाव में वोट शेयरिंग प्रतिशत की बात करें तो, एनडीए को 49 प्रतिशत और इंडी गठबंधन को 36 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है। जिसमें एनडीए गठबंधन के अंदर आने वाली भाजपा को सबसे ज्यादा 21 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान जताया गया है। जबकि, गठबंधन के अन्य दल जैसे जेडीयू को 18 प्रतिशत, हम को 2 प्रतिशत, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 6 प्रतिशत के साथ उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी आरएलएम को 2 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है। इस तरह से सर्वे के आंकड़े में एनडीए के खाते में कुल 49 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान लगाया गया है।
वहीं, इंडी गठबंधन की बात करें तो, आईएएनएस-मैटराइज सर्वे के मुताबिक राजद को 21 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा इंडी गठबंधन में शामिल कांग्रेस को 8 प्रतिशत, सीपीएम (एमएल) को 4 प्रतिशत, सीपीआई को एक प्रतिशत, सीपीएम (मार्क्सवादी) को एक प्रतिशत और मुकेश सहनी को वीआईपी को एक प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है।
साथ ही प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज को 7 प्रतिशत, अन्य को 7 प्रतिशत और एआईएमआईएम को एक प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है।
सर्वे के अनुसार, भाजपा को सबसे ज्यादा 80-85 सीटें मिलती नजर आ रही है, जबकि जेडीयू को 60-65 सीटें, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) को 3-6 सीट, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 4-6 और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा पार्टी को 1-2 सीट मिलती दिख रही हैं।
वहीं, इंडी गठबंधन की बात करें तो सर्वे में राजद को सबसे अधिक 60-65, कांग्रेस को 7-10, सीपीएम (एमएल) को 6-9, सीपीआई को 0-1, सीपीएम (मार्क्सवादी) को 0-1, विकासशील इंसान पार्टी को 2-4 सीट मिलती नजर आ रही है।
इसके अलावा अन्य दलों पर नजर डालें तो, सर्वे में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम को 1-3, जनसुराज पार्टी को 2-5 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं बसपा और जेएमएम को 7-10 सीट मिल सकती है।
–आईएएनएस

और भी हैं
यूपीएससी सीएसई 2025 का रिजल्ट जारी, अनुज अग्निहोत्री बने ऑल इंडिया टॉपर
बंगाल एसआईआर: सीएम ममता बनर्जी का आरोप, कहा- जिंदा वोटर्स को मरा हुआ बताया गया
प्रधानमंत्री मोदी के विज़न के तहत दिल्ली में होने वाले “India AI Impact समिट 2026” के लिए परिषद द्वारा की गई तैयारियों की ज़मीनी समीक्षा: चहल