भोपाल : मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर ने मेट्रो रेल परियोजना को लेकर अपनी ही सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि इस परियोजना का हाल ठीक वैसा ही है, जैसा इंदिरा गांधी की गरीबी हटाओ के प्रस्ताव का था। राज्य के दो महानगरों राजधानी भोपाल और इंदौर में मेट्रो रेल चलाने की कवायद जारी है। मेट्रो का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजे जाने संबंधी जानकारी सामने आने के बाद मंगलवार को गौर ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा, “मेट्रो का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा जाना ठीक वैसा ही है, जैसा तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी गरीबी हटाओ का प्रस्ताव सदन में लाने की बात किया करती थीं।”
ज्ञात हो कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विधानसभा के बजट सत्र के अभिभाषण में सोमवार को कहा था कि स्मार्ट सिटी परियोजना में शामिल सात शहरों भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, सागर और सतना में स्मार्ट सिटी विकास की कार्यवाही प्रचलन में है। वहीं भोपाल और इंदौर में मेट्रो रेल परियोजना का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है।
उल्लेखनीय है कि गौर राज्य के नगरीय प्रशासन मंत्री भी रहे हैं और मेट्रो रेल परियोजना उनका ड्रीम प्रोजेक्ट था। इसके लिए उनकी ओर से तमाम प्रयास भी किए गए थे। उसके बाद जापान सहित अन्य देशों से कर्ज की बात चली, मगर सफलता हाथ नहीं लगी थी।
–आईएएनएस

और भी हैं
यूपीएससी सीएसई 2025 का रिजल्ट जारी, अनुज अग्निहोत्री बने ऑल इंडिया टॉपर
प्रधानमंत्री मोदी के विज़न के तहत दिल्ली में होने वाले “India AI Impact समिट 2026” के लिए परिषद द्वारा की गई तैयारियों की ज़मीनी समीक्षा: चहल
अजित पवार के निधन पर राजनीतिक जगत में शोक की लहर, विपक्ष के नेताओं ने दी श्रद्धांजलि