नई दिल्ली| दिल्ली महिला आयोग ने दिल्ली के संगम विहार इलाके में 16 साल की एक लड़की पर उसके पीछा करने वाले द्वारा हमला किए जाने के मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। आयोग अध्यक्षा स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस से मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है।
साथ ही आयोग ने एफआईआर की कॉपी और मामले में गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी मांगी है। आयोग ने दिल्ली पुलिस को लड़की अथवा उसके परिवार से लड़के द्वारा लड़की का पीछा करने के संबंध में प्राप्त किसी भी मौखिक या लिखित शिकायत के साथ-साथ उस शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी है।
आयोग ने लड़की के पिता द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में पुलिस अधिकारी के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी 30 अगस्त तक जानकारी मांगी है।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा स्वाति मालीवाल ने कहा, घटना बहुत ही चौंकाने वाली है। आरोपी पिछले कई महीनों से उसका पीछा कर रहा था। लड़की के पिता का आरोप है कि स्थानीय बीट कांस्टेबल से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। दिल्ली पुलिस को पीछा करने से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
दरअसल रिपोर्ट के अनुसार लड़की को उसके पीछा करने वाले ने 25 अगस्त को उस समय गोली मार दी थी जब वह अपने स्कूल से घर लौट रही थी। लड़की के पिता का आरोप है कि एक लड़का पिछले कुछ महीनों से उनकी बेटी का पीछा कर रहा था और इस संबंध में दिल्ली पुलिस के स्थानीय बीट कांस्टेबल से शिकायत भी की गई थी, लेकिन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल लड़की अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत नाजुक है।
–आईएएनएस

और भी हैं
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा: NDMC अध्यक्ष ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में महिला कर्मचारियों को किया सम्मानित
दिल्ली हाई कोर्ट में 9 मार्च को केजरीवाल, सिसोदिया की रिहाई मामले में सुनवाई, सीबीआई ने दायर की है याचिका
महाराष्ट्र टूरिज्म ने दिल्ली में आयोजित रोड शो को दिल्ली ट्रैवल ट्रेड के साथ सफलतापूर्वक होस्ट किया