उज्जैन| मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में महाकाल परिसर का सौंदर्यीकरण का पहला चरण पूरा हो गया है, जिसका 11 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करने वाले हैं। सरकार ने तय किया है कि, महाकाल परिसर ‘महाकाल लोक’ के नाम से जाना जाएगा। इसके साथ ही यहां महाकाल पुलिस बैंड की शुरूआत होगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यहां मंगलवार को बुलाई गई मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों से कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर को प्रथम चरण का उद्घाटन करेंगे। महाकाल परिसर के सम्पूर्ण क्षेत्र का आकर्षक सौंदर्यीकरण किया गया है। रूद्र सागर पुनर्जीवित हो गया है। वर्ष 2017 में सभी वर्गों के साथ मिल कर परिसर विस्तार की योजना बनाई गई। परिसर विस्तार के प्रथम चरण में 351 करोड़ रुपए के कार्य हो चुके हैं। दूसरे चरण के लिये 310 करोड़ 22 लाख के कार्य किये जाएंगे। महाकाल परिसर ‘महाकाल लोक’ के नाम से जाना जाएगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि उज्जैन में महाकाल महाराज की सवारी पुलिस बैंड के साथ निकलती है। हम महाकाल पुलिस बैंड प्रारंभ करेंगे, जिनका उपयोग विभिन्न त्यौहार और पर्व पर किया जाएगा। इसके लिए 36 नये पदों का सृजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि महाकाल परिसर विस्तार के लिये हमने दो चरण तय किये, प्रथम चरण 351 करोड़ रुपये का था, फिर हमने द्वितीय चरण के लिए 310 करोड़ रुपये स्वीकृत किये। परिसर विस्तार के कार्य में कई मकान विस्थापित किये। हमने 150 करोड़ रुपए की लागत से विस्थापन कार्य किया। विकास कार्यों की लम्बी श्रृंखला है। रूद्रसागर के पुनर्जीवित होने से इसमें क्षिप्रा नदी का पानी रहेगा। मंदिर में लाइटिंग और साउंड सहित महाकाल पथ का निर्माण किया गया।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि दूसरे चरण में भी अनेक कार्य पूर्ण होने हैं। ये सभी कार्य महाकाल महाराज ही करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की प्रगति और विकास के साथ जनता के कल्याण के लिए हमें विचार आया कि महाकाल महाराज की नगरी में बैठक की जाए। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि लगभग 200 वर्षों बाद पहली बार ऐसा मौका आया है कि सरकार सेवक के रूप में उज्जैन में बैठक कर रही है। आज हम एक सैद्धांतिक फैसला करते हैं कि नर्मदा जी का जल सदैव क्षिप्रा जी में आएगा। कल-कारखानों का जो दूषित जल है, उसको डायवर्ट करने का काम चल रहा है। क्षिप्रा नदी के किनारे रिवर फ्रंट भी विकसित किया जाएगा, जिससे उज्जैन का अलग रूप निखरेगा।
–आईएएनएस

और भी हैं
सी-डैक भर्ती 2026: कंसल्टेंट के कई पदों पर आवेदन शुरू, 64 वर्ष वालों के पास भी मौका
सरकारी नौकरी का शानदार अवसर: डिप्टी मैनेजर सहित 26 पदों पर भर्ती शुरू, जानें योग्यता और सैलरी
48 घंटों में दूसरी बढ़ोतरी: वैश्विक तेल संकट के बीच दिल्ली में सीएनजी फिर से हुई महंगी