✅ Janmat Samachar.com© provides latest news from India and the world. Get latest headlines from Viral,Entertainment, Khaas khabar, Fact Check, Entertainment.

दशहरे पर लाल किला मैदान की ‘लव कुश की रामलीला’ में शामिल होंगे बॉबी देओल, करेंगे रावण दहन

मुंबई: दशहरे का त्योहार हर साल देशभर में बहुत ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है और इसे खासतौर पर रामलीला के जरिए बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। दिल्ली के लाल किला मैदान में आयोजित लव कुश रामलीला हर साल दशहरे के मौके पर हजारों लोगों को आकर्षित करती है।

इस बार इस ऐतिहासिक आयोजन में बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता बॉबी देओल भी शामिल होंगे, जो रावण वध के दृश्य में हिस्सा लेंगे।

बताया जा रहा है कि ‘लव कुश रामलीला’ कमेटी ने बॉबी देओल को आधिकारिक तौर पर इस आयोजन के लिए आमंत्रित किया था, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।

समिति के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया, “जब बॉबी देओल को दशहरे पर रावण वध करने का आमंत्रण दिया गया तो उन्होंने इसे पूरे उत्साह के साथ स्वीकार कर लिया। बॉबी देओल का इस ऐतिहासिक मंच पर आना रामलीला को और भी भव्य और यादगार बना देगा।”

दशहरे पर रावण वध देखने के लिए राजधानी समेत देशभर से हजारों दर्शक लाल किले पर जुटते हैं। इस बार बॉबी देओल की मौजूदगी से कार्यक्रम की शोभा और बढ़ने वाली है।

बता दें कि बॉबी देओल तीन दशकों से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं और अपनी दमदार अदाकारी के लिए दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। उन्होंने कई यादगार फिल्मों में काम किया है और हाल ही में आर्यन खान की निर्देशित वेब सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में भी अपनी छाप छोड़ी है। यह सीरीज नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।

वर्कफ्रंट की बात करें तो बॉबी देओल आने वाले समय में कई नए प्रोजेक्ट्स में भी नजर आएंगे। उनकी झोली में अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनने वाली फिल्म ‘बंदर’ है, जिसमें वह मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। इसमें उनके साथ सान्या मल्होत्रा भी होंगी। यह फिल्म एक सच्ची घटना पर आधारित है, जो एक टेलीविजन स्टार की जिंदगी के उतार-चढ़ाव को दर्शाती है। इसके अलाव, वह तमिल फिल्म ‘जन नायकन’ में भी काम कर रहे हैं, जिसमें विजय और पूजा हेगड़े भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।

–आईएएनएस

About Author