✅ Janmat Samachar.com© provides latest news from India and the world. Get latest headlines from Viral,Entertainment, Khaas khabar, Fact Check, Entertainment.

दिल्ली सरकार ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में शानदार काम किया है : आशीष सूद

नई दिल्ली, 30 मई । दिल्ली की भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने पर मंत्री आशीष सूद ने सरकार की पीठ थपथपाई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली की भाजपा सरकार ने शानदार काम किया है। हम सभी को साथ लेकर चल रहे हैं और विकास के कार्यों में तेजी लाई जा रही है।

मंत्री आशीष सूद ने मीडिया से कहा कि विपक्ष का काम आरोप लगाना है। हमें पता है कि हमारी जनता के प्रति जवाबदेही है और जहां तक दिल्ली की कानून व्यवस्था की बात है तो दिल्ली में कानून व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने और तीन नए आपराधिक कानूनों को लागू करने के लिए सभी आवश्यक अधिसूचनाएं और सरकारी आदेश जारी करने थे, साथ ही पुलिस थानों का डिजिटलीकरण भी किया जाना था। इन सभी पर व्यापक काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि 100 दिन में आप देखेंगे कि दिल्ली की भाजपा सरकार ने स्वच्छता को लेकर एक अभियान छेड़ रखा है। दिल्ली की सफाई व्यवस्था को ठीक किया गया है।

शिक्षा पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में आपने देखा होगा कि निजी स्कूलों में 25 फीसदी सीट जो ईडब्ल्यूएस श्रेणी के तहत आरक्षित होती थी, उन सीटों पर गरीब के बच्चों का दाखिला नहीं होता था। स्कूल गरीब के बच्चों को भटकाते थे। लेकिन, भाजपा सरकार में पहली बार बिना किसी शिकायत के दिल्ली के स्कूलों में ईडब्ल्यूएस कोटे के तहत दाखिले हुए हैं। बिजली के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। 100 दिन में दिल्ली की भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में शानदार काम किया है। हम छोटे-छोटे कदमों के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

आशीष सूद ने कहा कि विपक्ष हमारी तारीफ नहीं कर सकता है, जो सेना के शौर्य पर सवाल उठाते हैं तो वह अगर हम पर सवाल खड़े करें तो इसमें आशंका नहीं जतानी चाहिए।

दूसरी ओर सीएम रेवंत रेड्डी के राफेल वाले बयान पर दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि कुछ लोगों का रोना राष्ट्र के लिए शगुन होता है। जब जिहादी मरते हैं तो आंसू सिर्फ पाकिस्तान में ही नहीं बहते हैं, कुछ चूड़ियां यहां भी टूटती हैं। यह भारत माता के लिए शगुन के समान है।

–आईएएनएस

About Author