नई दिल्ली, 8 फरवरी। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 27 साल बाद सत्ता में जोरदार वापसी की है। मालवीय नगर सीट से भाजपा उम्मीदवार सतीश उपाध्याय ने कहा कि इससे विकास का नया रास्ता खुला है।
खबर लिखे जाने तक भाजपा ने 47 सीटों पर जीत दर्ज कर ली थी और एक सीट पर आगे थी। वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) ने 22 सीटों पर जीत हासिल की है। कांग्रेस इस चुनाव में अपना खाता खोलने में असफल रही।
अपनी जीत के बाद उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनकी दूरदृष्टि का नतीजा है, जिससे दिल्ली के विकास का नया रास्ता खुला है।
सतीश उपाध्याय ने कहा, “यह जीत मोदी जी के नेतृत्व और उनके विजन का परिणाम है। इस बार भारतीय जनता पार्टी का कमल खिला है और भाजपा की सरकार बनने जा रही है। मोदी जी के विजन के साथ विकसित भारत का सपना पूरा करने के लिए अब विकसित दिल्ली भी बनेगी। यह जीत पूरी तरह से पार्टी और कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है। भाजपा के हर कार्यकर्ता और हमारे शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में हमने यह चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।”
उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, “केजरीवाल ने कहा था कि मोदी जी को दिल्ली जीतने के लिए दूसरा जन्म लेना पड़ेगा। लेकिन अब देखिए, भाजपा ने यहां प्रचंड जीत हासिल की है। अब उनकी पार्टी और खुद उनकी स्थिति बेहद कमजोर हो चुकी है। झूठ बोलने वाले नेताओं के सवालों का कोई मतलब नहीं है। यह जीत का समय है और हम दिल्ली को विकास के नए पथ पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
उन्होंने कहा, “इस जीत के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह है। जगह-जगह जश्न मनाया जा रहा है और कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मना रहे हैं।”
–आईएएनएस
और भी हैं
लोकतंत्र, विरासत और नवाचार का उत्सव – साथ मिलकर दिल्ली विधानसभा ने आठवीं विधानसभा के 100 दिन पूरे होने पर जारी की रिपोर्ट कार्ड
दिल्ली में जारी है मौसम विभाग का अलर्ट, दो दिन और रहेगी गर्मी से राहत, फिर बढ़ेगा तापमान
एनडीएमसी अध्यक्ष ने कनॉट प्लेस में कचरे को कम करने, पुनः उपयोग करने और रीसाइकिल करने को बढ़ावा देने के लिए रीसाइकिल मेला शुरू किया