✅ Janmat Samachar.com© provides latest news from India and the world. Get latest headlines from Viral,Entertainment, Khaas khabar, Fact Check, Entertainment.

“नालियों में नहीं, घरों की नींव में बह रहा पानी…वज़ीराबाद में लोग जी रहे नारकीय जीवन”, विधायक खत्री ने लगाया पिछली सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप

नई दिल्ली, तिमारपुर: वज़ीराबाद क्षेत्र की गलियों में पानी निकासी की समस्या दिनों-दिन गंभीर होती जा रही है। सीवर व्यवस्था अधूरी होने के कारण गलियों और सड़कों पर पानी जमा हो रहा है, जिससे मकानों की नींव कमजोर पड़ रही है और हादसों का खतरा मंडरा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यमुना किनारे होने के कारण यहां की ज़मीन पहले ही रेतीली है, ऊपर से नगर निगम और पुलिस की मिलीभगत से बिल्डर 6-6 मंज़िला फ्लैट खड़े कर बेच रहे हैं। इससे इलाके की स्थिति और अधिक खतरनाक होती जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, पिछली आम आदमी पार्टी सरकार के दौरान वज़ीराबाद की गली नंबर 1 से 17 तक सीवर लाइन और नालों का निर्माण तो हुआ, लेकिन उसे चालू नहीं किया गया। परिणामस्वरूप, कॉलोनीवासियों ने अवैध रूप से अपने घरों के कनेक्शन सीवर लाइन में जोड़ लिए। लेकिन निकासी की कोई व्यवस्था न होने से पानी घरों से निकलकर सड़कों और गलियों में भर रहा है।

विधायक ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

तीमारपुर से भाजपा विधायक सूर्य प्रकाश खत्री ने इस स्थिति के लिए पिछली सरकार को ज़िम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, “सीवर लाइन और नालों के कार्यों में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। इन लाइनों को न तो एमसीडी को हैंडओवर किया गया और न ही जल बोर्ड ने इन्हें स्वीकार किया। निकासी की योजना बुराड़ी से होनी थी, लेकिन वहां की ऊंचाई अधिक होने से यह संभव ही नहीं है।”

खत्री ने दावा किया कि उन्होंने सरकार को पत्र लिखकर सीवर लाइन निर्माण कार्यों में हुए घोटालों की जांच और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण वज़ीराबाद के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।

नारकीय जीवन जी रहे लोग

लोगों का कहना है कि गलियों में भरा पानी न सिर्फ बीमारियाँ फैला रहा है बल्कि मकानों की नींव को भी कमजोर कर रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बिल्डरों और अधिकारियों की मिलीभगत से अवैध बहुमंज़िला इमारतें भी खड़ी की जा रही हैं, जिससे खतरा और बढ़ गया है।

स्थानीय विकास कार्य अटके

विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होती, तब तक नालियों और गलियों के निर्माण कार्य करना संभव नहीं है।

About Author