✅ Janmat Samachar.com© provides latest news from India and the world. Get latest headlines from Viral,Entertainment, Khaas khabar, Fact Check, Entertainment.

उपराष्ट्रपति पद से धनखड़ के इस्तीफे पर विपक्ष ने जताई हैरानी

नई दिल्ली, 21 जुलाई । जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देकर उपराष्ट्रपति पद से सोमवार को इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के बाद राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है।

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आईएएनएस से बात करते हुए जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर हैरानी जताई। उन्होंने कहा, “आज सदन के अंदर जगदीप धनखड़ एकदम स्वस्थ थे। सदन की कार्यवाही के दौरान हंगामा हुआ, तो उस समय वो बिल्कुल स्वस्थ बैठे हुए थे, पता नहीं अचानक क्या हुआ? अगर स्वास्थ्य कारण है, तो हम उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं, ईश्वर उन्हें दीर्घायु बनाएं। लेकिन इस्तीफे के पीछे केवल स्वास्थ्य कारण है, यह मुझे समझ में नहीं आता।”

कांग्रेस सांसद दानिश अली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “75 साल पूरे होने से पहले ही उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का अचानक इस्तीफा आरएसएस की तरफ से नरेंद्र मोदी को एक बार फिर साफ इशारा है। सियासी गलियारों में ये चर्चा तेज है कि धनखड़ जी के इस्तीफे के बाद, क्या योगी आदित्यनाथ को ‘उपराष्ट्रपति’ बनाने की तैयारी चल रही है?”

शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने वीडियो जारी करके कहा, “हम उनके स्वास्थ्य के लिए ईश्वर से प्रार्थना करेंगे। वह उपराष्ट्रपति रहें या नहीं रहें, लेकिन दीर्घायु रहें। उनके इस्तीफे से एक प्रश्नचिन्ह उठता है, क्योंकि वो छोटे-मोटे व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि संवैधानिक पद पर बैठे हैं। मानसून सत्र के पहले दिन वह इस्तीफा देते हैं।”

उन्होंने कहा, “सरकार में क्या चल रहा है? जब भी कोई बड़ी घटना होने वाली रहती है, तो बिना बताए और चर्चा किए, फैसला कर लिया जाता है। जगदीप धनखड़ यह इस्तीफा चार दिन पहले, सत्र के बाद या फिर बहुत पहले दे सकते थे। क्या चल रहा है, यह हमें नहीं पता। अब नए उपराष्ट्रपति के चयन में समय जाएगा। पूरा विपक्ष ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा करना चाह रहा है, लेकिन इसी बीच उनका इस्तीफा आ गया।”

–आईएएनएस

About Author