सेंचुरियन : भारत के खिलाफ खेली गई छह वनडे मैचों की सीरीज में 1-6 से मात खाने वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम के कप्तान एडिन मार्कराम ने कहा है कि यह उनकी टीम के लिए काफी मुश्किल सीरीज रही जो उन्हें अपने आप में झांकने की सीख दे गई। विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पहली बार दक्षिण अफ्रीका में वनडे सीरीज जीतने का इतिहास रचा।
भारत ने शुक्रवार को खेले सीरीज के आखिरी मैच में मेजबान टीम को आठ विकेट से करारी हार सौंपी।
इस मैच के बाद मार्कराम ने कहा, “यह हमारे लिए काफी मुश्किल सीरीज रही है। इस पर हमें विचार करना होगा और देखना होगा कि हमने कहां गलती की और हम कहां बेहतर कर सकते थे।”
मार्कराम ने कहा कि भारत ने मिले मौकों का बखूबी फायदा उठाया जहां उनकी टीम पीछे रह गई।
मेजबान टीम के कप्तान ने कहा “उन्होंने मौकों का फायदा उठाया और हम यह नहीं कर पाए। इसी तरह हम सीखते हैं और आगे बढ़ते हैं। हम इस सीरीज से कुछ सकारात्मक सीखने की कोशिश करेंगे।”
दक्षिण अफ्रीका के नियमित कप्तान फाफ डु प्लेसिस के पहले मैच के बाद चोटिल हो जाने के कारण मार्कराम को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था। वनडे सीरीज के बाद रविवार से दोनों देशों के बीच तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेली जानी है, जिसमें ज्यां पॉल ड्यूमिनी टीम की कप्तानी करेंगे।
–आईएएनएस

और भी हैं
तीसरा टेस्ट: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार बल्लेबाजों के अर्धशतक, दूसरे दिन तक साउथ अफ्रीका ने हासिल की बढ़त
वैष्णवी शर्मा ने खोला ‘पंजा’, तीसरे वनडे में महज 131 रनों पर ऑलआउट हुई जिम्बाब्वे की पूरी टीम
दूसरा वनडे: कप्तान इरास्मस ने 156 रन जड़कर इतिहास रचा, नामीबिया ने आयरलैंड को 31 रन से हराया