नई दिल्ली| महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को विश्वास है कि आस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी टेस्ट श्रृंखला में भारतीय टीम जबरदस्त वापसी करेगी। वेबसाइट ‘ईएसपीएनक्रिकइंफो डॉट कॉम’ पर सचिन के हवाले से कहा गया है कि खेल में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन इसमें खुद को संभाले रखना मायने रखता है।
दिल्ली में रविवार को आयोजित हुई आईडीबीआई फेडरल लाइफ इंश्योरेंस नई दिल्ली मैराथन में हिस्सा लेने पहुंचे सचिन ने मीडिया से चर्चा के दौरान यह बात कही।
उल्लेखनीय है कि आस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला के पहले मैच में शनिवार को भारतीय टीम को 333 रनों से बुरी हार झेलनी पड़ी है।
इस बारे में सचिन ने कहा, “आस्ट्रेलिया की टीम मजबूत है। उसके खिलाफ जीतना थोड़ा मुश्किल है, लेकिन यह खेल का हिस्सा है। हार का मतलब यह नहीं कि श्रृंखला समाप्त हो गई है। खेल अब भी बाकी है।”
सचिन ने कहा, “जहां तक मुझे भारतीय टीम के जज्बे की जानकारी है। टीम वापसी कर अच्छी प्रतिस्पर्धा करेगी। आस्ट्रेलियाई टीम इस बात को जानती है। क्योंकि जब हम उनकी सरजमीं पर खेलते हैं और उन्हें हराते हैं, तो हमारे दिमाग में भी यही बात होती थी कि वो वापसी कर अच्छा मुकाबला देंगे।”
भारतरत्न सचिन ने कहा, “हार से वापसी कर अच्छा प्रदर्शन करना ही खेल है। इसमें उतार-चढ़ाव होते हैं। लेकिन उसमें हम किस तरह खुद को संभालकर मैदान में वापसी करते हैं, यह जरूरी है। इसमें कोई शक नहीं है कि भारतीय टीम वापसी कर आस्ट्रेलिया को कड़ा मुकाबला देगी।”
–आईएएनएस

और भी हैं
तीसरा टेस्ट: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार बल्लेबाजों के अर्धशतक, दूसरे दिन तक साउथ अफ्रीका ने हासिल की बढ़त
वैष्णवी शर्मा ने खोला ‘पंजा’, तीसरे वनडे में महज 131 रनों पर ऑलआउट हुई जिम्बाब्वे की पूरी टीम
दूसरा वनडे: कप्तान इरास्मस ने 156 रन जड़कर इतिहास रचा, नामीबिया ने आयरलैंड को 31 रन से हराया