✅ Janmat Samachar.com© provides latest news from India and the world. Get latest headlines from Viral,Entertainment, Khaas khabar, Fact Check, Entertainment.

न ही एक्ट्रेस बनने का सपना, न फिल्मी बैकग्राउंड… एक होर्डिंग ने ऐसे चमकाई कृति खरबंदा की किस्मत

मुंबई: अभिनेत्री कृति खरबंदा ने अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। उन्होंने हिंदी फिल्मों में पहचान बनाने से पहले तेलुगु और कन्नड़ सिनेमा में काम किया। कभी वह अपनी खूबसूरती और मॉडलिंग को लेकर चर्चा में रहीं, तो कभी अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता।

कृति का फिल्मों में आने का कोई इरादा नहीं था। वह अपनी पढ़ाई पूरी कर रही थीं और मॉडलिंग भी करती थीं। इसी दौरान एक विज्ञापन के होर्डिंग पर लगी उनकी तस्वीर ने एक फिल्ममेकर का ध्यान खींचा और यहीं से उनके फिल्मी करियर की शुरुआत का रास्ता खुला।

कृति खरबंदा का जन्म 29 अक्टूबर 1990 को दिल्ली में हुआ था। उन्होंने स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद ज्वेलरी डिजाइनिंग में डिप्लोमा हासिल किया। अभिनय की दुनिया में कदम रखने से पहले ही वह विज्ञापनों में काम करने लगी थीं। बचपन में उन्होंने एक आइसक्रीम के विज्ञापन में काम किया था। इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग जारी रखी और कई ब्रांडों के विज्ञापनों में नजर आईं।

कृति ने एक इंटरव्यू में बताया था कि चेन्नई में एक सुपरमार्केट चेन के विज्ञापन वाले होर्डिंग पर उनकी तस्वीर लगी थी। फिल्ममेकर राज पिपल्ला की नजर उस तस्वीर पर पड़ी। उस समय वह अपनी तेलुगु फिल्म के लिए नई अभिनेत्री की तलाश कर रहे थे। कृति की तस्वीर देखने के बाद उनकी टीम ने उनसे संपर्क किया और ऑडिशन के लिए बुलाया।

शुरुआत में कृति को लगा कि शायद उनके साथ मजाक हो रहा है, लेकिन जब वह हैदराबाद पहुंचीं तो उन्हें समझ आया कि फिल्ममेकर उन्हें सच में अपनी फिल्म में लेना चाहते हैं। कृति ने ऑडिशन दिया और करीब 150 लड़कियों में से उनका सेलेक्शन हुआ। परिवार की सलाह के बाद उन्होंने यह मौका स्वीकार कर लिया। इस तरह 2009 में आई तेलुगु फिल्म ‘बोनी’ से उनके अभिनय करियर की शुरुआत हुई। फिल्म में उनके साथ सुमंत नजर आए थे।

‘बोनी’ के बाद कृति ने 2010 में कन्नड़ फिल्म ‘चिरू’ से वहां के सिनेमा में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने तेलुगु और कन्नड़ फिल्मों में लगातार काम किया। 2013 में आई कन्नड़ फिल्म ‘गूगली’ उनके करियर के लिए अहम साबित हुई। इस फिल्म में यश उनके साथ थे। फिल्म की सफलता के बाद कृति को साउथ सिनेमा में कई नए मौके मिले।

हिंदी फिल्मों में उनका डेब्यू 2016 में इमरान हाशमी के साथ फिल्म ‘राज रीबूट’ से हुआ। हालांकि, उन्हें हिंदी दर्शकों के बीच खास पहचान 2017 में आई फिल्म ‘शादी में जरूर आना’ से मिली। इसमें उन्होंने आरती शुक्ला का किरदार निभाया था। उनके अभिनय को लोगों ने काफी पसंद किया और कई लोग उन्हें उनके असली नाम की जगह आरती कहकर बुलाने लगे।

इसके बाद कृति ‘गेस्ट इन लंदन’, ‘यमला पगला दीवाना फिर से’, ‘हाउसफुल 4’, ‘पागलपंती’, ‘तैश’ और ’14 फेरे’ जैसी फिल्मों में नजर आईं। उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी पहचान बनाई।

कृति को 2015 में कन्नड़ फिल्म ‘सुपर रंगा’ के लिए साउथ इंडियन इंटरनेशनल मूवी अवॉर्ड्स में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (क्रिटिक्स) का पुरस्कार मिला। 2019 में उन्हें लोकमत स्टाइलिश अवॉर्ड्स में मोस्ट स्टाइलिश राइजिंग स्टार का सम्मान मिला। वहीं, 2020 में फिल्म ‘हाउसफुल 4’ के लिए लायंस गोल्ड अवॉर्ड्स में उन्हें कॉमिक भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया।

निजी जिंदगी की बात करें तो कृति ने अभिनेता पुलकित सम्राट के साथ 15 मार्च 2024 को शादी की। दोनों की मुलाकात फिल्मों में साथ काम करने के दौरान हुई थी। उनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और फिर दोनों ने शादी कर ली।

–आईएएनएस

 

About Author