बेंगलुरू : बेंगलुरू एफसी की नजर मंगलवार को यहां कान्तीरावा स्टेडियम में मालदीव की टीम टीसी स्पोर्ट्स क्लब के खिलाफ जीत दर्ज कर एएफसी कप के ग्रुप स्तर के लिए क्वालीफाई करने पर होगी। दोनों टीमों के बीच माले में पिछले सप्ताह हुए मैच में थोंगकोसीम होआकिप और एरिक पार्टालू के गोल की बदौलत बेंगलुरू ने टीसी स्पोर्ट्स को 3-2 से मात दी थी।
एएफसी कप में क्वालीफाई करने के लिए मालदीव की क्लब को कोच एल्बर्ट रोका की टीम को दो गोल के अंतर से हराना होगा या तीन से अधिक गोल मारकर मैच जीतना होगा।
रोका ने कहा, “यह मैच अभी समाप्त नहीं हुआ है। हमने उनके घर में खेलते हुए तीन गोल जरूर दागे लेकिन हमने दो गोल भी खाए और मुझे कोई शंका नहीं है कि वह मंगलवार को हमें हराने का मद्दा रखते हैं। हमें भी अपनी क्षमता पर भरोसा है और हमें जीत पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है।”
रोका ने आगे कहा, “हमें मालदीव की परिस्थिति के अनुकूल होने में समय लगा था लेकिन अपने घर में हमारे पर जीतने का सुनहरा मौका है।”
बेंगलुरू के डिफेंडर हरमनजोत खाबरा चोट के कारण यह मैच नहीं खेलेंगे जबकि सुनील छेत्री, गुरप्रीत सिंह संधू, जुआन गोंजालेज, दीमस डेलगाडो और लेनी रॉड्रिगेस जैसे नामों को रोका अगले मैच में मौका देंगे या नहीं यह अभी देखना बाकी है।
रोका ने कहा, “मुझे युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखकर खुशी है और उन्हें और समय देना होगा। मैं खिलाड़ियों के चयन का निर्णय बाद में करुं गा।”
एएफसी के ग्रुप सी में तीन टीमें पहले से मौजूद हैं- अबाहानी (बांग्लादेश), आईजोल एफसी और न्यू रेडियंट (मालदीव)।
–आईएएनएस

और भी हैं
तीसरा टेस्ट: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार बल्लेबाजों के अर्धशतक, दूसरे दिन तक साउथ अफ्रीका ने हासिल की बढ़त
वैष्णवी शर्मा ने खोला ‘पंजा’, तीसरे वनडे में महज 131 रनों पर ऑलआउट हुई जिम्बाब्वे की पूरी टीम
दूसरा वनडे: कप्तान इरास्मस ने 156 रन जड़कर इतिहास रचा, नामीबिया ने आयरलैंड को 31 रन से हराया