दुबई : भारतीय अभिनेत्री श्रीदेवी के होश खोने के बाद बाथटब में गिरकर डूब जाने से हुई उनकी मौत की जांच पूरी होने के बाद मामले को बंद कर दिया गया है। दुबई अभियोजक कार्यालय ने कहा कि अभिनेत्री के शव को उनके शोकग्रस्त परिवार को सौंप दिया गया है। जांचकर्ताओं को मामले में कोई संदिग्ध बात नहीं मिली जिसके बाद मामले को बंद कर दिया गया।
दुबई के सरकारी मीडिया कार्यालय की ओर से किए गए आधिकारिक ट्वीट में कहा गया है, “दुबई के सार्वजिनक अभियोजक कार्यालय ने मंगलवार को भारतीय अभिनेत्री श्रीदेवी कपूर के शव को उनके रिश्तेदारों को सौंपने का फैसला किया है। यह फैसला उनकी मौत की जांच पूरी होने और मामले को बंद करने के बाद लिया गया।”
ट्वीट में कहा गया है, “इस तरह के मामलों में सभी जांच व कार्यविधि संबंधी विषयवस्तु पूरी करने, सभी परिस्थितियों को परखने और कानूनी ढांचे के भीतर न्याय को सुनिश्चित करने के बाद शव को सौंपने का फैसला किया गया है।”
एक अन्य ट्वीट में दुबई सार्वजनिक अभियोजक ने कहा कि फॉरेंसिक रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय अभिनेत्री की मौत होश खोने के बाद अचानक बाथटब में डूब जाने से हुई है। मामले को बंद कर दिया गया है।
दुबई पुलिस ने निर्माता और श्रीदेवी के पति बोनी कपूर का बयान भी दर्ज कर लिया है।
सूत्रों ने ‘गल्फ न्यूज’ को बताया कि फिल्मनिर्माता को बुर दुबई पुलिस थाने में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। पुलिस ने बयान दर्ज करने के बाद उन्हें उनके होटल जाने की इजाजत दे दी।
–आईएएनएस

और भी हैं
अमित साध और ईशा देओल की क्राइम ड्रामा ‘प्रताप’ का ट्रेलर रिलीज, पुलिस अफसर की जिंदगी में आएगा बड़ा मोड़
चिन्मय मिशन प्रस्तुत करता है ‘अवेकनिंग’ — स्वामी चिन्मयानंद पर बनी एक संगीतमय जीवनी। इसे निर्देशक मणि शंकर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता विशेषज्ञ अंजलि जोशी ने तैयार किया है, जिसमें पूज्य स्वामी स्वरूपानंद जी की प्रेरणा और आशीर्वाद शामिल हैं।
सेट पर झगड़े वाली धारणा पर राधिका आप्टे बोलीं-‘महिलाएं नहीं पुरुष होते हैं ज्यादा असुरक्षित’