✅ Janmat Samachar.com© provides latest news from India and the world. Get latest headlines from Viral,Entertainment, Khaas khabar, Fact Check, Entertainment.

दिल्ली में 24 घंटे के भीतर चोरी की घटना का खुलासा, शातिर अपराधी गिरफ्तार

नई दिल्ली, 16 मई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के गीता कॉलोनी थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। इस घटना में शामिव एक आदतन और शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए 52 हजार रुपए नकद और एक काला बैग बरामद किया गया है।

दरअसल, 14 मई को मध्य प्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले शिकायतकर्ता जितेंद्र सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि शनि देव मंदिर के पास पुस्टा रोड, सफेदा झुग्गी इलाके में उनका बैग चोरी हो गया, जिसमें 1.50 लाख रुपए थे। इस संबंध में थाना गीता कॉलोनी में ई-एफआईआर संख्या 80039649/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ इंस्पेक्टर प्रेम कुमार सिंह के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एएसआई अनूप कुमार, हेड कांस्टेबल अरुण कुमार और हेड कांस्टेबल मोहित कुमार शामिल थे। पुलिस ने तुरंत आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया, सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी की पहचान की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान आफताब उर्फ भोमा (26) के रूप में हुई।

इसी बीच, पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी दोबारा गीता कॉलोनी क्षेत्र में वारदात के इरादे से आने वाला है। इसके बाद पुलिस ने पुस्टा रोड स्थित श्मशान घाट के पास जाल बिछाया और महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 52 हजार रुपए नकद और एक छोटा काला बैग बरामद किया।

पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल की। जांच में सामने आया कि वह पहले भी लूट, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित छह मामलों में शामिल रहा है। आरोपी बवाना क्षेत्र का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। साथ ही चोरी की बाकी रकम की बरामदगी के लिए भी जांच जारी है।

–आईएएनएस

About Author