नई दिल्ली, 15 मई आज नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा एनडीसीसी कन्वेंशन सेंटर, जय सिंह रोड, नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने अनुकंपा के आधार पर नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र तथा संविदा कर्मचारियों को मेडिकल हेल्थ कार्ड प्रदान किए।
इस अवसर पर दिल्ली सरकार के मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह, नई दिल्ली की सांसद- सुश्री बांसुरी स्वराज, एनडीएमसी के अध्यक्ष – श्री केशव चंद्रा, उपाध्यक्ष – श्री कुलजीत सिंह चहल, परिषद सदस्य – श्री दिनेश प्रताप सिंह, श्री अनिल वाल्मीकि एवं सुश्री सरिता तोमर तथा एनडीएमसी के वित्तीय सलाहकार – श्री राकेश कुमार उपस्थित थे।

इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री – श्रीमती रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि एनडीएमसी केवल एक संस्था नहीं, बल्कि एक परिवार है, जहां जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मिलकर देश की सेवा में लगे लोगों की सेवा करते हैं। उन्होंने कहा कि एनडीएमसी क्षेत्र देश की प्रशासनिक और लोकतांत्रिक व्यवस्था का केंद्र है और यहां कार्यरत कर्मचारी राजधानी की छवि को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
माननीय मुख्यमंत्री ने एनडीएमसी की सराहना करते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रयासों से आज 109 परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति के रूप में नई आशा मिली है। उन्होंने कहा कि यह केवल नौकरी नहीं, बल्कि परिवारों के भविष्य को संबल देने वाला जीवनभर का सहारा है।मुख्यमंत्री ने विशेष खुशी जताई कि नियुक्ति प्राप्त करने वालों में लगभग 90 महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी चयनित अभ्यर्थी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर “विकसित भारत, विकसित दिल्ली” के संकल्प को मजबूत करेंगे।
माननीय मुख्यमंत्री ने एलएमएचएस योजना के तहत संविदा कर्मचारियों को मेडिकल हेल्थ कार्ड दिए जाने को भी बड़ी राहत बताते हुए कहा कि आज के समय में चिकित्सा खर्च परिवारों पर बड़ा आर्थिक बोझ बन जाता है। ऐसे में कैशलेस चिकित्सा सुविधा कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए सुरक्षा कवच का कार्य करेगी।
माननीय मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के साथ संवेदनशील और पारदर्शी शासन व्यवस्था देने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी कर्मचारी, अधिकारी या सामान्य नागरिक के साथ अन्याय न हो और उसे सभी आवश्यक सुविधाएं सम्मानपूर्वक मिलें। दिल्ली सरकार के मंत्री – श्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान करना तथा संविदा कर्मचारियों को मेडिकल कार्ड सुविधा उपलब्ध कराना, एनडीएमसी द्वारा सामाजिक कल्याण की दिशा में उठाए गए महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि इन पहलों से दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों के आश्रितों के चेहरों पर खुशी आई है तथा संविदा कर्मचारियों को यह भरोसा मिला है कि अब चिकित्सा आपातकाल की स्थिति में उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।
श्री प्रवेश साहिब सिंह ने कुछ वर्ष पूर्व एनडीएमसी द्वारा 4,400 अस्थायी कर्मचारियों को नियमित किए जाने की पहल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये पहल वोट प्राप्त करने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि जनता एवं समाज के प्रति सरकार की जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए की जा रही हैं, जिन्हें पूर्ववर्ती सरकारें विभिन्न कारणों से पूरा नहीं कर पाईं।
सुश्री बांसुरी स्वराज ने कहा कि अनुकंपा नियुक्तियों तथा संविदा कर्मचारियों को मेडिकल कार्ड सुविधा प्रदान करने की लंबे समय से लंबित मांगों पर एनडीएमसी परिषद ने पूर्ण संवेदनशीलता एवं सहानुभूति के साथ विचार कर उन्हें स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने इसे केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि अत्यंत मानवीय पहल बताया। उन्होंने आगे कहा कि माननीय मुख्यमंत्री का स्नेहपूर्ण एवं संवेदनशील नेतृत्व आज एनडीएमसी के इन दोनों निर्णयों में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। इसके लिए संपूर्ण एनडीएमसी परिषद प्रशंसा की पात्र है, जिसने इन निर्णयों में उल्लेखनीय मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।

एनडीएमसी के अध्यक्ष – श्री केशव चंद्रा ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि 109 कर्मचारियों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र वितरित किया जाना, परिषद के प्रति वर्षों तक सेवा देने वाले दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को सम्मान, आर्थिक स्थिरता एवं भावनात्मक सहयोग प्रदान करने के प्रति एनडीएमसी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह पहल कठिन समय में कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़े रहने की एनडीएमसी की भावना का प्रतीक है।
पालिका परिषद अध्यक्ष ने आगे बताया कि एनडीएमसी में कार्यरत 38 विभिन्न श्रेणियों — जिनमें इंजीनियर, नर्स, तकनीकी एवं लिपिकीय कर्मचारी शामिल हैं — के 878 संविदा कर्मचारियों के लिए यह एक ऐतिहासिक कल्याणकारी कदम है। उन्होंने जानकारी दी कि अब लगभग 878 संविदा कर्मचारी एवं उनके परिवार एनडीएमसी से संबद्ध अस्पतालों एवं डायग्नोस्टिक केंद्रों में कैशलेस चिकित्सा सुविधा के पात्र होंगे। उन्होंने इस पहल को सामाजिक सुरक्षा, समावेशिता एवं कर्मचारी कल्याण की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए कहा कि इससे चिकित्सा आपात स्थिति में सम्मानजनक स्वास्थ्य सहायता एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
उन्होंने वर्ष 2025-26 के दौरान एनडीएमसी की विभिन्न उपलब्धियों का भी उल्लेख किया, जिनमें 81 विभागीय पदोन्नति समितियों के माध्यम से 954 पदोन्नतियाँ, 4,357 कर्मचारियों को एमएसीपी लाभ प्रदान करना, पेंशन मामलों का शीघ्र निपटान तथा डीएसएसएसबी एवं यूपीएससी के माध्यम से भर्ती पहल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 में भी एनडीएमसी विभिन्न पहलों के माध्यम से प्रशासनिक पारदर्शिता एवं कर्मचारी सेवाओं को और मजबूत करती रहेगी।
माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए श्री कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि अनुकंपा के आधार पर नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र तथा संविदा कर्मचारियों को मेडिकल हेल्थ कार्ड वितरित किया जाना, सरकार की कर्मचारियों के कल्याण के प्रति संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ जनसेवा में योगदान देंगे।
श्री चहल ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों से अपील की कि वे माननीय प्रधानमंत्री के सतत विकास के दृष्टिकोण को जन आंदोलन का रूप देने हेतु सार्वजनिक परिवहन, कारपूलिंग, इलेक्ट्रिक वाहनों, ऊर्जा संरक्षण, डिजिटल कार्य संस्कृति एवं “मेक इन इंडिया” उत्पादों को अपनाएँ, ताकि हम सब मिलकर एक स्वच्छ, हरित एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सकें।

और भी हैं
दिल्ली सरकार देगी महिला स्टार्टअप्स को 10 करोड़ रुपये तक का बिना गिरवी ऋण, गारंटी सरकार की: सीएम रेखा गुप्ता
नीट पेपर लीक मामला: कोर्ट ने टीचर मनीषा मांधरे को 14 दिन की सीबीआई कस्टडी में भेजा
आनंद पर्वत हत्याकांड खुलासा, दिल्ली पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार