बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के जामिया अरबिया मदरसे के सात कश्मीरी छात्रों से गुरुवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कई घंटों तक पूछताछ की। पुलिस अधीक्षक शालिनी ने गुरुवार को एनआईए टीम के दो सदस्यों द्वारा हथौरा के जामिया अरबिया मदरसा के संचालक और कुछ कश्मीरी छात्रों से बंद कमरे में पूछताछ किए जाने की पुष्टि की।
हालांकि, उन्होंने इस संबंध में अधिक जानकारी नहीं दी।
मदरसे के संचालक हबीब अहमद के छोटे भाई मौलाना मुफ्ती नजीब अहमद ने शुक्रवार को बताया, “एनआईए के दो अधिकारी दोपहर लगभग दो बजे मदरसा परिसर में दाखिल हुए और यहां अरबी की तालीम हासिल कर रहे सात कश्मीरी छात्रों से बंद कमरे में देर तक पूछताछ की।”
उन्होंने बताया कि तीन माह पहले अरबी भाषा की शिक्षा हासिल कर जा चुके कश्मीरी युवक तौसीफ के बारे में टीम ने जानकारी ली है।
एनआईए ने तौसीफ को कुछ दिन पहले कश्मीर में गिरफ्तार किया था।
नजीब ने बताया कि मदरसा संचालक और छात्रों ने जांच में पूरा सहयोग दिया।
–आईएएनएस

और भी हैं
शहरों की चकाचौंध में गांव, गरीब और खेती को न भूलें’, शिवराज सिंह चौहान का कॉरपोरेट जगत से आह्वान
यूपी एमएलसी चुनाव: कई सीटों पर मतगणना जारी भाजपा ने चार सीटें जीतीं, वाराणसी में सपा का कब्जा
राजस्थान पंचायत चुनाव: दूसरे चरण का मतदान शुरू, सीएम भजनलाल बोले- पहले मतदान, फिर जलपान