बर्मिघम| आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी के अपने पहले मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को 124 रनों से बड़ी जीत हासिल करने के बाद भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने अनुभवी बल्लेबाज युवराज सिंह की अर्धशतकीय पारी की तारीफ करते हुए कहा है उस पारी ने मैच का रुख बदल दिया था।
युवराज ने उस समय 32 गेंदों में 53 रनों की तूफानी पारी खेली जब भारतीय बल्लेबाज बड़े शॉट नहीं लगा पा रहे थे।
वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो ने कोहली के हवाले से लिखा है, “युवराज ने जिस तरह की पारी खेली उसने मैच का रूख बदल दिया।”
मैच के बाद कोहली ने कहा, “उसने हम सभी को गेंद को मारने का आत्मविश्वास दिया। उन्होंने जिस अंदाज में बल्लेबाजी की उस तरह सिर्फ वही बल्लेबाजी कर सकते हैं। लो फुलटॉस गेंद पर चौके-छक्के मारना साथ ही यॉर्कर गेंदों को भी सीमा रेखा के पार पहुंचाना शानदार था।”
इस मैच में भारत के चारों शीर्ष बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए जो एक रिकार्ड है। शिखर धवन ने 68, रोहित शर्मा ने 91 और कोहली ने नाबाद 81 रन बनाए। युवराज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। कोहली ने इस मैच में अपने स्वभाव से विपरीत धीमी शुरुआत की और अंत के ओवरों में तेजी से रन बटोरे।
इस पर कोहली ने कहा, “40 रनों तक मैं अपनी लय हासिल करने में लगा हुआ था और एक-दो रन ले रहा था। मैं बड़े शॉट नहीं लगा सकता था क्योंकि वह जोखिम भरा होता। हम मैदान से बाहर चार बार गए इसलिए उस खिलाड़ी के लिए जो अंत तक खेलना चाहता हो उसके लिए ऐसा करना मुश्किल हो जाता है।”
कोहली ने कहा, “जब युवराज आया तो फिर हम बाहर नहीं गए। वह एक छोर से बड़े शॉट लगा रहे थे इससे मेरे ऊपर दबाव कम हुआ और तब मैंने सोचा की मैं बड़े शॉट लगा सकता हूं।”
कोहली ने युवराज की तारीफ करते हुए कहा, “अगर वह इस तरह खेलते हैं तो टीम हमेशा अच्छी स्थिति में होती है क्योंकि आप उनसे उम्मीद करते हो कि वह मैदान पर आएंगे और मैच बदलने वाली पारी खेलेंगे। ऐसा हमने चार-पांच बार देखा है।”
–आईएएनएस

और भी हैं
तीसरा टेस्ट: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार बल्लेबाजों के अर्धशतक, दूसरे दिन तक साउथ अफ्रीका ने हासिल की बढ़त
वैष्णवी शर्मा ने खोला ‘पंजा’, तीसरे वनडे में महज 131 रनों पर ऑलआउट हुई जिम्बाब्वे की पूरी टीम
दूसरा वनडे: कप्तान इरास्मस ने 156 रन जड़कर इतिहास रचा, नामीबिया ने आयरलैंड को 31 रन से हराया