लंदन| पाकिस्तान क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज वाहब रियाज चोटिल होने के कारण आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
वेबसाइट ‘डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू क्रिकबज डॉट कॉम’ से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को भारत के खिलाफ खेले गए मैच में रियाज के टखने में चोट लगी थी। उनकी चोट की स्कैन में यह सामने आया है कि उन्हें ठीक होने के लिए दो सप्ताह का समय लगेगा।
भारत के खिलाफ बर्मिघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले गए मैच में गेंदबाजी के दौरान 46वें ओवर में रियाज के टखने में चोट लगी थी। वह 8.1 ओवर में 87 रन देकर एक भी विकेट नहीं ले पाए थे।
सोमवार को हुए उनकी चोट के स्कैन में यह पुष्टि हुई कि रियाज के टखने के जोड़ों में समस्या है और उन्हें इस चोट से उबरने में कम से कम दो सप्ताह का समय लगेगा। इस कारण वह चैम्पियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
चोटिल रियाज के स्थान पर नए खिलाड़ी को टीम में शामिल करने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की तकनीकी समिति से आधिकारिक रूप से अनुरोध किया है।
पाकिस्तान के पास अब तेज गेंदबाज के तौर पर मोहम्मद आमिर, जुनैद खान, हसन अली और हरफनमौला खिलाड़ी फहीम अशरफ रह गए हैं।
पाकिस्तान का ग्रुप स्तर पर दूसरा मैच बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एजबेस्टन मैदान पर खेला जाना है।
–आईएएनएस

और भी हैं
तीसरा टेस्ट: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार बल्लेबाजों के अर्धशतक, दूसरे दिन तक साउथ अफ्रीका ने हासिल की बढ़त
वैष्णवी शर्मा ने खोला ‘पंजा’, तीसरे वनडे में महज 131 रनों पर ऑलआउट हुई जिम्बाब्वे की पूरी टीम
दूसरा वनडे: कप्तान इरास्मस ने 156 रन जड़कर इतिहास रचा, नामीबिया ने आयरलैंड को 31 रन से हराया