नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री सोहा अली खान एक ‘रॉयल प्रिसेंज’ और लोकप्रिय हस्ती के रूप में अपनी हास्यपूर्ण और विचित्र कहानियों का संग्रह अंग्रेजी में पेश करने जा रही हैं। किताब का नाम ‘द पेरिल्स ऑफ बीइंग मोडेरेट्ली फेमस’ है, जिसका प्रकाशन पेंगुइन इंडिया करेगा और अगले साल यह पाठकों के लिए उपलब्ध होगी।
सोहा शर्मिला टैगोर और हरियाणा की पुरानी पटौदी रियासत के नौवें नवाब मंसूर अली खान पटौदी की छोटी बेटी हैं। उन्हें भोपाल की नवाबजादी के रूप में भी जाना जाता है।
सोहा फिल्म ‘रंग दे बसंती’ और ‘तुम मिले’ में अपने अभिनय का हुनर दिखा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पढ़ना बेहद पसंद है और अपना खाली समय वह लेखन में बिताती हैं।
अभिनेत्री ने हालांकि पाठकों को आगाह किया है कि अगर आप इस किताब में करीना (कपूर-खान) और सैफ (सोहा के भाई) के रहस्यों के बारे में जानने के लिए पुस्तक पढ़ेंगे, तो इसमें ऐसा कुछ नहीं मिलेगा।
यह किताब सोहा अपने और सिर्फ अपने जीवन के बारे में लिख रही हैं।
संपादक गुरवीन चड्ढा ने कहा, “पुस्तक के कुछ अध्याय पढ़ने के बाद, मैं कह सकता हूं कि सोहा लिखने के लिए ही पैदा हुई हैं। सोहा के बहुत सारे प्रशंसक हैं। सिर्फ फिल्मों के लिए नहीं, बल्कि ट्विटर पर मजाकिया अंदाज में उनके हाजिर जवाबी के लिए भी।”
(आईएएनएस)

और भी हैं
ईरान के हालात पर छलका मंदाना करीमी का दर्द, बोलीं-मैं भी महसा अमीनी हो सकती थी
चरक मूवी रिव्यू: अंधविश्वास और कुरीतियों पर करारी चोट फिल्म का क्लाइमेक्स आपको हतप्रभ करेगा
पंजाबी फिल्म ‘वियाह करतारे दा’ की प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित, 27 फरवरी को होगी रिलीज