✅ Janmat Samachar.com© provides latest news from India and the world. Get latest headlines from Viral,Entertainment, Khaas khabar, Fact Check, Entertainment.

नोएडा में ऑनलाइन फर्जी पेमेंट दिखाकर इलेक्ट्रॉनिक सामान ठगने वाला आरोपी गिरफ्तार

नोएडा, 16 मई । गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के फेस-2 थाने की पुलिस ने ऑनलाइन फर्जी पेमेंट दिखाकर दुकानदारों से इलेक्ट्रॉनिक सामान ठगने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 एयर कंडीशनर, एक फ्रिज, एक कूलर, एक एलईडी टीवी तथा नकद राशि बरामद की है।

आरोपी दुकानदारों को अपने झांसे में लेकर फर्जी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन दिखाता था और फिर पोर्टर के माध्यम से सामान उठवाकर फरार हो जाता था। पुलिस के अनुसार, 15 मई को फेस-2 थाने की पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बीओपीएल कट के पास बंद पड़ी एक कंपनी से आरोपी समीर अंसारी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना फेस-2 में मुकदमा दर्ज है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर अंसारी पुत्र मेहराज अंसारी निवासी शास्त्री पार्क, नई दिल्ली के रूप में हुई है। वर्तमान में वह कासिम विहार, ग्राम सबापुर, थाना ट्रोनिका सिटी, जिला गाजियाबाद में रह रहा था। आरोपी की उम्र करीब 21 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी एनसीआर क्षेत्र में घूम-घूमकर इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने वाले दुकानदारों को निशाना बनाता था। वह पहले दुकानदारों से विश्वास कायम करता और फिर मोबाइल फोन के जरिए फर्जी ऑनलाइन पेमेंट का स्क्रीनशॉट या नकली ट्रांजेक्शन दिखाकर उन्हें गुमराह कर देता था।

दुकानदार जब भुगतान की पुष्टि किए बिना सामान सौंप देते थे, तब आरोपी पोर्टर के जरिए एसी, फ्रिज, कूलर और अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उठवाकर मौके से फरार हो जाता था। फेस-2 थाने की पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 13 एसी इंडोर यूनिट, 13 एसी आउटडोर यूनिट, तीन विंडो एसी, एक फ्रिज, एक कूलर, एक एलईडी टीवी और 2440 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके अन्य साथियों के संबंध में भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ने एनसीआर के किन-किन क्षेत्रों में इसी प्रकार की वारदातों को अंजाम दिया है।

–आईएएनएस

About Author