पुणे। भारत के सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धौनी का कहना है कि विराट कोहली को सही समय पर कप्तानी सौंपने के लिए उन्होंने एकदिवसीय और टी-20 की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया। इसके साथ ही धौनी ने अपने इस्तीफे के पीछे टीम में दो कप्तान रहना भी एक वजह बताया।
वेबसाइट ‘ईएसपीएनक्रिकइन्फो डॉट कॉम’ की रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला से पहले पुणे में एक संवाददाता सम्मेलन में धौनी ने यह बात कही।
धौनी ने कहा, “टेस्ट कप्तान के रूप में इस्तीफा देने के समय से ही मुझे पता था कि भारत में दो कप्तानों की रणनीति कभी काम नहीं करेगी।”
भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर ने कहा कि वह कोहली के टेस्ट कप्तान के तौर पर सहज होने का इंतजार कर रहे थे और इसीलिए, उन्होंने सही समय पर कप्तानी से इस्तीफा देने का फैसला किया है।
धौनी ने कहा, “मैं सही समय का इंतजार कर रहा था। मैं चाहता था कि कोहली टेस्ट प्रारूप में अपने पैर जमा लें। मेरे फैसला गलत नहीं है। यह समय की बात थी और मुझे लगा कि अब इस्तीफा देने का सही समय है।”
धौनी ने कहा कि 2014 में आस्ट्रेलिया टेस्ट श्रृंखला के बीच में टेस्ट कप्तान के रूप में इस्तीफा देने के पीछे रिद्धिमान साहा को अवसर प्रदान करना था, जो दूसरे विकेटकीपर के तौर पर उभर रहे हैं।
धौनी ने कहा, “मैंने यह फैसला क्यों किया, इसके लिए आपको गहराई से सोचने की जरूरत है। सबसे अधिक जरूरी क्या है? साहा टीम में थे और अंतिम टेस्ट मैच से पहले कप्तानी छोड़ने के कारण उन्हें विकेटकीपर के रूप में एक और मैच खेलने का मौका मिल रहा था।”
धौनी ने कहा, “अगर सबकुछ सही रहा, तो विदेशी दौरे के लिए वह सही विकेटकीपर होंगे। इसलिए, उनके पास यह एक बड़ा अवसर है।”
(आईएएनएस)

और भी हैं
तीसरा टेस्ट: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार बल्लेबाजों के अर्धशतक, दूसरे दिन तक साउथ अफ्रीका ने हासिल की बढ़त
वैष्णवी शर्मा ने खोला ‘पंजा’, तीसरे वनडे में महज 131 रनों पर ऑलआउट हुई जिम्बाब्वे की पूरी टीम
दूसरा वनडे: कप्तान इरास्मस ने 156 रन जड़कर इतिहास रचा, नामीबिया ने आयरलैंड को 31 रन से हराया