✅ Janmat Samachar.com© provides latest news from India and the world. Get latest headlines from Viral,Entertainment, Khaas khabar, Fact Check, Entertainment.

नितिन नबीन ने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार किया ग्रहण, अमित शाह ने दी बधाई

नई दिल्ली, 15 दिसंबर । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का जिक्र करते हुए कहा कि वे मोदी सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे।

रविवार को नियुक्त किए जाने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन सोमवार को दिल्ली पहुंचे। दिल्ली एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली सरकार के मंत्रियों, भाजपा सांसदों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर नितिन नबीन ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “नितिन नबीन को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने पर बहुत-बहुत बधाई। मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में संगठन का और भी विस्तार होगा और मोदी सरकार की नीतियों व पार्टी की विचारधारा को आप जन-जन तक पहुंचाएंगे। ईश्वर से आपके सफल कार्यकाल की कामना करता हूं।”

भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े ने एक्स पर लिखा, “दिल्ली आगमन पर पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और सभी कार्यकर्ताओं की ओर से आत्मीय स्वागत किया गया और शुभकामनाएं दी गईं।”

वरिष्ठ नेता तरुण चुघ ने कहा कि वे एक मेहनती, अथक और जमीनी स्तर के कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने दो पीढ़ियों तक सेवा की है और उन्होंने संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर अपनी काबिलियत साबित की है। एक कार्यकर्ता से लेकर नेतृत्व संभालने तक का उनका सफर भाजपा की मूल संस्कृति को और दिखाता है।

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने एक पोस्ट के माध्यम से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का धन्यवाद किया। उन्होंने लिखा, “केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी का हृदय से आभार। आपके मार्गदर्शन में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सुदृढ़ करने तथा भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए हम सभी संकल्पबद्ध हैं।

नितिन नबीन ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का धन्यवाद करते हुए लिखा कि आपके नेतृत्व और मार्गदर्शन में संगठन के कार्यों को करने का अवसर मेरे लिए निरंतर सीख और प्रेरणा का माध्यम रहा है।

–आईएएनएस

About Author