✅ Janmat Samachar.com© provides latest news from India and the world. Get latest headlines from Viral,Entertainment, Khaas khabar, Fact Check, Entertainment.

पंजाबी फिल्म ‘वियाह करतारे दा’ की प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित, 27 फरवरी को होगी रिलीज

नई दिल्ली। बहुप्रतीक्षित पंजाबी फिल्म वियाह करतारे दा की प्रेस कॉन्फ्रेंस हाल ही में पीवीआर सिनेमा में आयोजित की गई। इस मौके पर फिल्म के मुख्य कलाकार गिप्पी ग्रेवाल और निमरत खैरा ने मीडिया से बातचीत कर फिल्म से जुड़े कई रोचक पहलुओं को साझा किया।

फिल्म के बारे में बात करते हुए गिप्पी ग्रेवाल ने बताया कि यह एक पारिवारिक कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन समीर कंग ने किया है। कहानी एक ऐसे युवक के इर्द-गिर्द घूमती है जो अपनी पसंद की लड़की से शादी करना चाहता है, लेकिन परिवार इसके लिए तैयार नहीं होता। वहीं दूसरी ओर बेरोजगारी के कारण लड़की भी शादी के लिए सहमत नहीं होती। इन परिस्थितियों के बीच कई हास्यपूर्ण घटनाएं सामने आती हैं, जो दर्शकों को भरपूर मनोरंजन देंगी।

फिल्म में पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाने पर पूछे गए सवाल के जवाब में गिप्पी ग्रेवाल ने कहा कि दर्शक फिल्म देखने के बाद महसूस करेंगे कि उनकी भूमिका ने पंजाब पुलिस की गरिमा को बढ़ाया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब निमरत खैरा से पूछा गया कि क्या वह करतारे जैसे लड़के से शादी करना चाहेंगी, तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि वह ऐसे लड़के से शादी नहीं करेंगी। शादी से जुड़े एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि पंजाबी शादियों में बजट से ज्यादा रिश्तेदारों को संभालने की चिंता होती है, क्योंकि हर शादी में कोई न कोई रिश्तेदार नाराज़ हो ही जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें शादी के लिए एक प्यार करने वाला और केयरिंग जीवनसाथी पसंद है।

पंजाबी सिनेमा की वर्तमान स्थिति पर गिप्पी ग्रेवाल ने कहा कि आज पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री काफी आगे बढ़ चुकी है और अब फिल्मों को देश-विदेश में बड़े स्तर पर रिलीज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंजाबी सिनेमा पारिवारिक मनोरंजन का सबसे भरोसेमंद माध्यम बनकर उभरा है, जिसमें पूरे परिवार के साथ बैठकर फिल्म देखी जा सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि पंजाबी फिल्मों के विस्तार के लिए धर्मा प्रोडक्शंस के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।

फिल्म में गिप्पी ग्रेवाल और निमरत खैरा के अलावा प्रिंस कंवलजीत सिंह, गुरप्रीत घुग्गी, दीप सहगल, बी.एन. शर्मा, हरदीप गिल, इनामुल हक और रूपिंदर रूपी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

धर्मा प्रोडक्शंस, हम्बल मोशन पिक्चर्स और पिटारा टॉकीज द्वारा निर्मित यह मनोरंजक पंजाबी फिल्म 27 फरवरी 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

About Author