नई दिल्ली: उज्जवला योजना के जो लाभार्थी प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना (पीएमजीकेवाई) के तहत तीन गैस सिलेंडर मुफ्त नहीं ले पाए हैं वे अब सितंबर तक इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्रालय के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए उज्जवला लाभार्थियों के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना का लाभ उठाने के मकसद से इसकी समय सीमा एक जुलाई से तीन महीने आगे तक बढ़ा दिया है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने यहां मंत्रिमंडल की जानकारी मीडिया को दी।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उज्जवला के लाभार्थियों के लिए तीन सिलेंडर मुफ्त देने का एलान किया गया, लेकिन पहले महीने सबने सिलेंडर उठाया, दूसरे महीने भी उठाया लेकिन तीसरे महीने अनेक लोग नहीं उठा पाए क्योंकि यह एक सिलेंडर जरूरी नहीं है कि एक महीने ही चले उससे ज्यादा भी चल सकता है। यही कारण है कि तीन सिलेंडर मुफ्त लेने की समय सीमा आगे बढ़ाकर सितंबर तक कर दी गई है।
कोरोना काल में गरीबों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के मकसद से केंद्र सरकार ने राहत पैकेज के तौर पर पीएमजीकेवाई शुरू की थी। इस पैकेज के तहत उज्जवला के लाभार्थियों को एक अप्रैल से तीन महीने की अवधि के दौरान तीन गैस सिलेंडर मुफ्त रीफिल करने की सुविधा प्रदान की गई थी।
— आईएएनएस

और भी हैं
शहरों की चकाचौंध में गांव, गरीब और खेती को न भूलें’, शिवराज सिंह चौहान का कॉरपोरेट जगत से आह्वान
यूपी एमएलसी चुनाव: कई सीटों पर मतगणना जारी भाजपा ने चार सीटें जीतीं, वाराणसी में सपा का कब्जा
राजस्थान पंचायत चुनाव: दूसरे चरण का मतदान शुरू, सीएम भजनलाल बोले- पहले मतदान, फिर जलपान