✅ Janmat Samachar.com© provides latest news from India and the world. Get latest headlines from Viral,Entertainment, Khaas khabar, Fact Check, Entertainment.

दिग्विजय का पुलिस अफसर की कॉलर पकड़ना शर्मनाक : विष्णुदत्त

Advertisement

भोपाल| मध्य प्रदेश में हुए जिला पंचायत के अध्यक्ष के चुनाव में भोपाल से ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसको लेकर भाजपा ने कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर हमला बोला है। इस तस्वीर में सिंह ने एक पुलिस अफसर की कॉलर पकड़ रखी है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा भोपाल जिला पंचायत निर्वाचन के दौरान पुलिस अधिकारी से दुर्व्यवहार किए जाने की घटना को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को ऐसा व्यवहार शोभा नहीं देता, जिस तरह उन्होंने एक पुलिस अफसर का कॉलर पकड़ा और निर्वाचन स्थल पर धक्कामुक्की की, वह बेहद शर्मनाक है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मूल चरित्र अपराधीकरण का रहा है। दिग्विजय सिंह मुख्यमंत्री रहे तब उन्होंने अपराधियों को बढ़ावा दिया। 15 महीने कमलनाथ सरकार रही, तब भी प्रदेश में गुंडिज्म हावी था।

उन्होंने कहा कि आज कमलनाथ चुनाव से गायब है और पूरा दबाव दिग्विजय सिंह पर रहा, इस कारण भी दिग्विजय सिंह हार की खीज के कारण गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। उन्होंने दिग्विजय सिंह से पूछा कि चुनाव में हार जीत चलती है, लेकिन कानून हाथ में लेने का अधिकार आपको किसने दिया ?

Advertisement

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने जिला पंचायत चुनावों में 41 जिलों में भाजपा समर्थित अध्यक्ष चुने जाने पर पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि 51 जिला पंचायतों में से भाजपा ने 41 स्थानों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर प्रचंड बहुमत का इतिहास बनाया है। इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की उन गरीब कल्याण की नीतियों और योजनाओं को जाता है जिन्हें हमारे कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि गांव गांव तक पहुंचाने में सफल हुए हैं।

उन्होंने कहा कि यह जीत हमारे नेतृत्व के प्रति जनता के विश्वास की जीत है। 65 हजार बूथों पर हमारे कार्यकर्ताओं ने अथक मेहनत की, जिसके कारण जिला पंचायत चुनाव में 81 प्रतिशत से उपर भाजपा जीतकर आयी है।

–आईएएनएस

Advertisement
Advertisement

About Author