अंबेडकरनगर (उत्तर प्रदेश)| अंबेडकर नगर में एक पुलिस अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है, क्योंकि उनके स्थानांतरण के बाद उनके सहयोगियों ने उन्हें ‘शाही’ विदाई दी थी। मनोज सिंह बसखारी पुलिस स्टेशन में स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) के पद पर तैनात थे। कथित तौर पर भाजपा के एक स्थानीय विधायक की शिकायत पर बुधवार को उनका तबादला कर दिया गया था।
इसके बाद, सिंह को उनके सहयोगियों ने विदाई दी। इसके लिए उनके नेतृत्व में जुलूस निकाला, जिसमें पांच पुलिस बाइक और तीन पुलिस जीप शामिल थीं।
विदाई का वीडियो सोशल मीडिया पर गुरुवार को वायरल होने के बाद, अंबेडकरनगर के एसपी आलोक प्रियदर्शी ने सिंह को सोशल डिस्टेंसिंग के प्रतिबंधों का उल्लंघन करने के लिए निलंबित कर दिया और पूरी घटना की जांच भी शुरू कर दी है।
39 सेकंड के वीडियो में दिखाया गया है कि एसएचओ को शाही विदाई दी जा रही है और वर्दी में पुलिसकर्मी इस जुलूस का हिस्सा हैं। जुलूस में जीप को हॉर्न और सायरन बजाते हुए सुना जाता है।
एसपी ने एसएचओ के बसखारी से जैदपुर में स्थानांतरण को रूटीन बताते हुए कहा, “सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यापक रूप से साझा किए गए वीडियो में किसी भी पुलिसकर्मी को फेस-मास्क पहने नहीं देखा गया। इसके अलावा वे उचित तरीके से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं कर रहे हैं। यह भी हमारे संज्ञान में आया है कि काफिले ने मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही को बाधित किया था।”
अधिकारी ने कहा कि सिंह और अन्य अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन के आरोपों के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जुलूस में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उन पर भी कार्रवाई होगी।
–आईएएनएस

और भी हैं
एथेनॉल-आधारित मोबिलिटी को बढ़ावा; फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के लिए सरकार ने लागू किए ई100 ईंधन मानक
पढ़ाई से नौकरी तक का रास्ता आसान बनाने पर जोर, सीबीएसई का राष्ट्रीय सम्मेलन
सऊदी अरब के रियाद, दम्माम के लिए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें 7 नवंबर तक निलंबित