इंफाल: त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद के लिए नामित बिप्लब कुमार देब ने बुधवार को वादा किया कि वह राज्य में रह रहे मणिपुरी लोगों की सभी समस्याओं के समाधान पर पूरा ध्यान देंगे। मणिपुर के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं से बात करते हुए उन्होंने कहा, “मणिपुर के साथ त्रिपुरा के विशेष सौहार्दपूर्ण संबंध रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “मणिपुर की तीन रानियों ने त्रिपुरा के राजकुमारों के साथ विवाह किया था। सरकार को राज्य में रह रहे मणिपुरी लोगों की जरूरत पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।”
उस वक्त ऐसा रिवाज था कि जब किसी मणिपुरी राजकुमारी का विवाह त्रिपुरा के राजकुमार से होता था तो सैकड़ों ग्रामीणों को त्रिपुरा में रहने के लिए जबरदस्ती भेजा जाता था ताकि मणिपुरी राजकुमारी को वहां अकेला महसूस न हो। वर्तमान में बड़ी संख्या में मणिपुरी लोग त्रिपुरा में रह रहे हैं।
अगरतला की कुछ महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि बहुत से मणिपुरी लोगों को वृद्धावस्था पेंशन देने से मना कर दिया गया है।
देब ने कहा कि वह शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मणिपुर के मुख्यमंत्री एन.बीरेन सिंह को आमंत्रित करेंगे।
उन्होंने कहा, “हमारी सरकार बीरेन सिंह के साथ विचार विमर्श कर राज्य के मणिपुरी लोगों के कल्याण के लिए कार्य करेगी।”
–आईएएनएस

और भी हैं
भाजपा की रणनीति पश्चिम बंगाल में नहीं चलेगी: शत्रुघन सिन्हा
भवानीपुर में राजनीतिक पारा चढ़ा, ममता और शुभेंदु के बीच जोरदार मुकाबले की तैयारी
भाजपा का घोषणापत्र सिर्फ दिखावा: कांग्रेस नेता बोरठाकुर