✅ Janmat Samachar.com© provides latest news from India and the world. Get latest headlines from Viral,Entertainment, Khaas khabar, Fact Check, Entertainment.

पीएम मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री से की मुलाकात, द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को काशी में मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम संग बैठक करने पहुंचे। होटल ताज में दोनों देशों के प्रमुखों की मुलाकात हुई तो आपसी संबंधों में गर्मजोशी देखने को म‍िली। भारत और मॉरीशस के प्रधानमंत्री के बीच द्विपक्षीय मुद्दों पर बात हुई।

आधिकारिक बयान में कहा गया है कि अपनी द्विपक्षीय चर्चाओं के दौरान पीएम मोदी और रामगुलाम सहयोग के संपूर्ण आयाम की समीक्षा करेंगे, जिसमें विकास साझेदारी और क्षमता निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

बयान में आगे कहा गया है कि वे स्वास्थ्य, शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, बुनियादी ढांचे के साथ-साथ नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और नीली अर्थव्यवस्था जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर भी चर्चा करेंगे।

भाजपा के सह मीडिया प्रभारी और एमएलसी धर्मेंद्र राय ने पीएम मोदी के स्वागत के लिए भोजपुरी में गाना गाया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी दुनिया के सबसे शक्तिशाली नेता हैं।

गोला दीनानाथ के पार्षद संजय केशरी ने कहा कि मॉरीशस के प्रधानमंत्री और भारत के पीएम का हम स्वागत करते हैं। उन्होंने जीएसटी में बदलाव कर जनहित में निर्णय लिया है। इससे लोगों को बहुत राहत मिलेगी।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी के वाराणसी आगमन से पहले पूरा शहर उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आया। उन्होंने पुलिस लाइन से लेकर होटल ताज तक करीब तीन किलोमीटर का रोड शो किया। इस दौरान उनके स्वागत के लिए लोग सड़क के किनारे खड़े नजर आए। पुष्प की वर्षा और शंखनाद किया।

कचहरी गोलघर से नदेसर की ओर प्रधानमंत्री मोदी का काफिला न‍िकला तो गोलघर चौराहे पर फ्लीट एकदम धीमी हो गई। इस दौरान एसपीजी के जवान पैदल चल रहे थे और लोग पुष्प वर्षा करते हुए प्रधानमंत्री का स्वागत कर रहे थे। इस दौरान प्रधानमंत्री हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते नजर आए। जगह-जगह सांस्‍कृत‍िक आयोजनों के साथ ही पोस्‍टर, बैनर और होर्ड‍िंंग लगाकर दोनों देशों के पारस्‍पर‍िक संबंधों को दर्शाया गया।

–आईएएनएस

About Author