नई दिल्ली, 30 मई। इंडियन प्रीमियर लीग इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2025 में अपनी धाक जमाई है। इस 14 वर्षीय बल्लेबाज ने राजस्थान रॉयल्स की ओर से 7 आईपीएल मुकाबलों में 36 की औसत के साथ 252 रन बनाए हैं। इस दौरान सूर्यवंशी ने एक शतक और एक अर्धशतक जड़ा।
राजस्थान रॉयल्स खिताबी रेस से बाहर है। टीम का अभियान 20 मई को ही समाप्त हो चुका है। इसलिए वैभव फिलहाल एक ब्रेक पर हैं। वैभव सूर्यवंशी हाल ही में पटना एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले। खुद पीएम के ‘एक्स’ हैंडल पर मुलाकात की जानकारी दी गई है।
पीएम मोदी बिहार के दो दिवसीय दौरे पर थे। उन्होंने इस युवा खिलाड़ी के क्रिकेट कौशल की जमकर तारीफ की। पीएम मोदी के आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर वैभव सूर्यवंशी के साथ कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए पोस्ट में लिखा गया, “पटना एयरपोर्ट पर युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी और उनके परिवार से मुलाकात हुई। उनके क्रिकेट कौशल की पूरे देश में प्रशंसा हो रही है! उनके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं।”
वैभव जब अपने माता-पिता के साथ पीएम मोदी से मिले तो उनके पैर भी छुए। इस मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने वैभव को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं, जो आने वाले दिनों में उनके खेल जीवन के लिए संबल का कार्य करेंगी। यह क्षण न केवल वैभव के लिए व्यक्तिगत उपलब्धि रहा, बल्कि यह भी प्रमाणित करता है कि बिहार क्रिकेट में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है – आवश्यकता है केवल मंच, अवसर और सकारात्मक मार्गदर्शन की।
यह बिहार क्रिकेट के लिए यह एक और ऐतिहासिक क्षण रहा। वैभव की इस विशेष उपलब्धि के पीछे बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष की अहम भूमिका रही जिन्होंने जिन्होंने नेशनल क्रिकेट अकादमी, बीसीसीआई से विशेष अनुमति दिलवाकर वैभव को पटना बुलवाया और उन्हें प्रधानमंत्री मोदी से भेंट करने का अवसर मिला।
वैभव का अब तक का प्रदर्शन राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार सराहनीय रहा है। उनकी मेहनत, तकनीक और समर्पण ने उन्हें न केवल अपने साथियों के बीच अलग पहचान दिलाई है, बल्कि चयनकर्ताओं और प्रशासकों का विश्वास भी अर्जित किया है।
बता दें कि राजस्थान रॉयल्स इस सीजन 14 में से 4 मैच ही जीत सकी। टीम इस खराब प्रदर्शन के साथ प्वाइंट्स टेबल में नौवें पायदान पर रही। भले ही राजस्थान ने अपने फैंस को निराश किया, लेकिन सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने फैंस का दिल जीत लिया है।
वैभव सूर्यवंशी ने 28 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ महज 38 गेंदों में 101 रन की पारी खेली थी। इस दौरान उनके बल्ले से 11 छक्के और 7 चौके देखने को मिले।
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास में शतक जड़ने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं। आईपीएल इतिहास में सबसे तेज सेंचुरी लगाने का रिकॉर्ड भी वैभव के ही नाम है। उन्होंने अपने आईपीएल करियर का पहला शतक महज 35 गेंदों में पूरा किया था।
वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड दौरे पर अंडर-19 टीम के सदस्य हैं। वैभव यहां आयुष म्हात्रे की कप्तानी में खेलेंगे।
–आईएएनएस

और भी हैं
ग्वालियर हादसे पर गृह मंत्रालय ने जताया दुख, मृतकों की संख्या 14 पहुंची
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की याचिका, मंगलवार को सुनवाई संभव
राष्ट्रपति मुर्मु ने छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और स्थानांतरण को दी मंजूरी