आरा (बिहार)| बिहार के भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल के एक नेता की गोली मार कर हत्या कर दी गई। गुरुवार को उसका शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता रवि यादव के रूप में की गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि राजद नेता और भेड़री गांव निवासी रवि यादव बुधवार की शाम एक श्राद्धकर्म में भाग लेने के लिए गए थे, लेकिन वे देर रात तक नहीं लौटे। गुरुवार की सुबह उनका शव गड़हनी के पास से बरामद किया गया है।
मृतक के सिर में गोली लगी है. वहीं, उसके चेहरे पर चोट के निशान हैं, जिससे आशंका व्यक्त की जा रही है, राजद नेता के साथ पहले मारपीट भी की गई और फिर बाद में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
गड़हनी के थाना प्रभारी और जिले के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। इधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने अपराधियों की गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को मुआवजा की मांग को गड़हनी के पास लेकर आरा-पीरो-सासाराम मुख्य मार्ग जाम कर दिया है। पुलिस के अधिकारी लोगों को समझाने में जुटे हैं। हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
इधर, परिजनों का आरोप है कि राजनीति के कारण उसकी हत्या की गई है। मृतक पिछले पंचायत चुनाव में मुखिया प्रत्याशी के रूप में भाग्य आजमा चुका था, हालांकि मामूली अंतर से चुनाव हार गया था। एक वर्ष पूर्व ही उसकी शादी हुई थी।
–आईएएनएस

और भी हैं
तुर्की में एयर फोर्स वन से फूड ट्रक में छिपकर निकले ट्रंप, सैन्य विमान से पहुंचे थे ब्रिटेन: रिपोर्ट
पीओके में चुनाव दिखावा, पाखंडपूर्ण मुखौटे के पार देखना जरूरी: विदेश मंत्रालय
कांग्रेस का आरोप, जवाब से बच रही सरकार इसलिए नहीं चल पा रही संसद