नई दिल्ली| पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ऋण धोखाधड़ी मामले में सीबीआई और ईडी द्वारा वांछित भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को डोमिनिका में कथित तौर पर हिरासत में ले लिया गया है। एंटीगुआ ऑब्जर्वर ने बताया कि चोकसी डोमिनिका में आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) की हिरासत में है।
चोकसी के रविवार को एंटीगुआ और बारबुडा से लापता होने की सूचना मिली थी, जहां उसने नागरिकता ले ली थी, जिससे भगोड़े व्यवसायी की तलाश शुरू हो गई।
स्थानीय मीडिया एंटीगुआ न्यूज रूम की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को एंटीगुआ और बारबुडा के रॉयल पुलिस फोर्स के कमिश्नर एटली रॉडने ने कहा था कि बल चोकसी के ठिकाने का पता लगा रहा है, जो कथित तौर पर लापता है।
सीबीआई सूत्रों ने यहां बताया कि इंटरपोल द्वारा पूर्व में जारी रेड कार्नर नोटिस के आधार पर उसे पकड़ा गया था।
हालांकि, सीबीआई के एक अन्य सूत्र ने कहा कि एजेंसी को अभी तक चोकसी को पकड़ने के बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं मिली है।
13,500 करोड़ रुपये से अधिक के पीएनबी धोखाधड़ी मामले में आरोपी चोकसी अपने भांजे नीरव मोदी के साथ 4 जनवरी, 2018 से एंटीगुआ और बरबुडा में रह रहा है।
–आईएएनएस

और भी हैं
जामिया में छात्र संघ की बहाली की मांग पर सहमति, भूख हड़ताल कर रहे छात्रों ने खत्म किया अनशन
चक्रवात ‘अर्नब’ से आंध्र प्रदेश में सात मौतें, 4,600 करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान : सीएम नायडू
जेईई मेन 2027: एनटीए ने शुरू की सेशन-1 की आवेदन प्रक्रिया, उम्मीदवारों के लिए अहम निर्देश जारी