नई दिल्ली | भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को बाबा साहेब आंबेडकर की जयंती पर उन्हें अपनी कार्य संस्कृति से पुष्पांजलि देने की अपील की है। नड्डा ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से कहा है कि 14 अप्रैल को बाबा साहेब आंबेडकर की जयंती के दिन अपने-अपने घरों में उनके चित्रों पर माल्यार्पण करें और सोशल मीडिया से उनका प्रचार प्रसार करें। पार्टी अध्यक्ष की ओर से भाजपा शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्रियों, उपमुख्यमंत्रियों और प्रदेश अध्यक्षों को पत्र लिखा गया है, जिसमें कहा गया है कि इस दिन अपने-अपने प्रदेश के नागरिकों के लिए एक वीडियो जारी करें, जिसमें सेवा संकल्प लें और नागरिकों से भी बाबा साहेब आंबेडकर के बताये रास्ते पर आगे चलने को प्रेरित करें।
पार्टी ने सभी कार्यकर्ताओं से यह भी कहा है कि बाबा साहेब आंबेडकर जयंती के कार्यक्रम आयोजित करते वक्त सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और हर मंडल में भाजपा के राष्ट्रीय अभियान ‘फीड द नीडी’ कार्यक्रम के तहत कम से कम दो गरीब बस्तियों के हर घर में सभी जरूरी राशन किट उपलब्ध कराये।
पार्टी ने इस बात को दोहराया है कि भाजपा इस संक्रमण के दौर में पांच करोड़ जरूरतमंद लोगों को प्रतिदिन भोजन करा रही है। ऐसे में पार्टी अध्यक्ष ने पार्टीजनों से अपील की है कि प्रधानमंत्री के पंच आग्रह को पूरी शिद्दत से पूरा करें।
पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि ‘मेरी बस्ती, कोरोना मुक्त बस्ती’ का संकल्प दिलाने के लिए और लोगों को उत्तम स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए प्रेरित करें।
पार्टी ने यह भी कहा है 14 अप्रैल को समाज में समरसता विषय पर लेख लिखें और उसको सोशल मीडिया के द्वारा प्रसारित करें। साथ ही मोदी सरकार द्वारा गरीब लोगों के स्वाभिमान और उत्थान के लिए चलाये जा रहे कार्यों की जानकारी दें। खासकर सरकार द्वारा किए गए कानून संबंधी सुधार और जनकल्याणकारी योजनाओं की विशेष तौर पर जानकारी लोगों को दी जाए।
— आईएएनएस

और भी हैं
देशभर में नेताओं ने मनाया करवा चौथ का पर्व, चांद के दीदार के बाद खोला व्रत
शहरों की चकाचौंध में गांव, गरीब और खेती को न भूलें’, शिवराज सिंह चौहान का कॉरपोरेट जगत से आह्वान
यूपी एमएलसी चुनाव: कई सीटों पर मतगणना जारी भाजपा ने चार सीटें जीतीं, वाराणसी में सपा का कब्जा