मुंबई। अभिनेता आमिर खान का कहना है कि उनका मुकाबला इंडस्ट्री में खुद से है न कि किसी और के साथ। यह जरूर है कि वह अन्य अभिनेताओं के कामों से प्रेरित होते हैं। आमिर ने कहा, “मेरा मुकाबला खुद से है न कि शाहरुख (खान), सलमान (खान), अक्षय (कुमार) या किसी और से। हालांकि जब मेरे साथी अन्य अभिनेता अच्छा काम करते हैं, तो मैं उनसे प्रेरित जरूर होता हूं।”
अपनी फिल्म ‘दंगल’ के सफल होने पर आमिर गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से मीडिया से मुखातिब हुए। ‘दंगल’ सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन चुकी है।
उनसे पूछा गया कि दूसरे अभिनेताओं की कौन सी फिल्म उन्हें पसंद है? जवाब में उन्होंने शाहरुख की कुछ फिल्मों का नाम लिया।
आमिर ने कहा, “मुझे शाहरुख की कई फिल्में पसंद हैं। खासतौर पर ‘चक दे इंडिया’, ‘स्वदेस’, ‘कुछ कुछ होता है’ और डीडीएलजी (दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे)।”
आमिर ‘दंगल’ की सफलता से खुश हैं, जो अभी तक बॉक्स ऑफिस पर 350 करोड़ से अधिक की कमाई कर चुकी है। आमिर ने कहा, “फिल्म ‘दंगल’ को मिली प्रतिक्रिया से अचंभित हूं। लोगों ने इसे बेहद पसंद किया। इस तरह की प्रतिक्रिया बिरले ही मिलती है।”
फिल्म ‘दंगल’ हरियाणा के पहलवान महावीर सिंह फोगट के वास्तविक जीवन पर आधारित है, जिन्होंने अपनी बेटियों गीता और बबीता को कुश्ती सिखाई थी।
फिल्म में अपने पसंदीदा दृश्य के बारे में उन्होंने कहा, “पिता-पुत्री के बीच का कुश्ती मुकाबला वाला दृश्य मुझे पसंद है।”
उन्होंने सान्या मल्होत्रा और फातिमा सना शेख के काम की भी सराहना की, जिन्होंने फिल्म में उनकी बेटियों का किरदार निभाया है। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है।
(आईएएनएस)

और भी हैं
72वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार : यामी गौतम को ‘आर्टिकल 370’ और कार्तिक आर्यन को फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ के लिए मिला सम्मान
सिद्धार्थ मल्होत्रा–तमन्ना भाटिया ने दिल्ली में लॉन्च किया ‘वन’ का ‘ठुमक ठुमक’ गाना, फोकलोर फैंटेसी का दिखा भव्य अंदाज़
फिल्म रिव्यू: “दायरा” * एक दमदार, ईमानदार और लंबे समय तक असर छोड़ने वाली फिल्म।