नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी (सपा) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल ने मंगलवार को अभिनेत्री व सांसद जया बच्चन को ‘मात्र फिल्म डांसर’ कहने की अपनी टिप्पणी पर खेद जताया। अग्रवाल ने सोमवार को भाजपा में शामिल होने के अवसर पर प्रेस वार्ता में यह टिप्पणी की थी।
उन्होंने यहां संवाददाताओं को बताया, “जया बच्चन पर मेरी टिप्पणी से अगर कोई आहत हुआ है, तो मैं खेद व्यक्त करता हूं।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह माफी मांगेंगे तो उन्होंने इस पर प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।
अग्रवाल ने सोमवार को कहा था कि सपा ने राज्यसभा का टिकट उन्हें न देकर एक ऐसे को दे दिया जो सिर्फ फिल्मों में डांस और अभिनय कर सकतीं हैं।
उन्होंने कहा था, “मेरे कद को मात्र एक फिल्म अभिनेत्री के समान समझा गया। सिर्फ इसलिए कि वह फिल्मों में डांस और अभिनय कर सकती हैं, उनके लिए मेरी उम्मीदवारी (राज्यसभा के लिए) का बलिदान कर दिया गया। मैं इसे सहजता से नहीं ले सकता।”
उनकी टिप्पणी की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने निंदा की थी।
–आईएएनएस

और भी हैं
मोदी कहीं नहीं जाएंगे, 2029 में इसी लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराते नजर आएंगे : नितिन नवीन
यूपी चुनाव 2027: कानपुर नगर की इन विधानसभा सीटों पर 2022 में ऐसे रहे थे समीकरण
भाजपा की रणनीति पश्चिम बंगाल में नहीं चलेगी: शत्रुघन सिन्हा