सत्ताधारी बीजेपी पर किसानों के साथ साथ देश के नौजवानों की भी अनदेखी का आरोप लगाते हुए नवगठित राजनीतिक पार्टी स्वराज इंडिया ने अलवर में युवाओं की सामूहिक ख़ुदकुशी पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
ज्ञात हो कि राजस्थान के अलवर में चार युवा ट्रेन के आगे कूद गए, जिनमें से तीन की जान चली गयी। मीडिया में आई ख़बरों के अनुसार नौकरी न मिलने से हताश 6 युवक जान देने ट्रेन की पटरियों पर चले गए, जिनमें से 4 ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।
पार्टी उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुपम ने कहा कि यह दिल दहलाने वाली ख़बर सत्ता में बैठे उन लोगों के मुँह पर तमाचा है जो कहते हैं कि देश में बेरोज़गारी की कोई समस्या है ही नहीं। आज शायद उन संवेदनहीन नेताओं को भी शर्म आए जो बेरोज़गार युवाओं को पकौड़े तलने की सलाह देते रहते हैं। विडम्बना की बात है कि देश के नौजवान आज हताशा में आकर ख़ुदकुशी करने लगे हैं, लेकिन सरकार में बैठे लोग बता रहे हैं कि देश में ‘अच्छे दिन’ आ गए।
अनुपम ने बताया कि मोदी सरकार आज किसान नौजवान के मुद्दों पर सार्थक काम करने की बजाए देश में हिन्दू मुसलमान का ज़हर घोलने में व्यस्त है। जिस तरह युवाओं और किसानों की अनदेखी की जा रही है, आने वाले चुनावों में सत्ताधारी बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसका हिसाब देना पड़ेगा।

और भी हैं
जामिया में छात्र संघ की बहाली की मांग पर सहमति, भूख हड़ताल कर रहे छात्रों ने खत्म किया अनशन
देशभर में नेताओं ने मनाया करवा चौथ का पर्व, चांद के दीदार के बाद खोला व्रत
चक्रवात ‘अर्नब’ से आंध्र प्रदेश में सात मौतें, 4,600 करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान : सीएम नायडू