ब्रासीलिया: ब्राजील की राष्ट्रीय महिला फुटबाल टीम अप्रैल में चिली में होने वाले कोपा अमेरिका टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह से तैयार है। ब्राजील की टीम को आशा है कि वह इस खिताब को सातवीं बार हासिल कर लेगी।
समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, टीम की पांच खिलाड़ियों ने छह महीने पहले अपनी पहली महिला कोच को हटाए जाने के विरुद्ध फुटबाल छोड़ दिया था। इसमें वर्ल्ड नम्बर-2 फुटबाल खिलाड़ी क्रिस्टीएन भी शामिल थीं। लेकिन, अब मसला सुलझ चुका है।
ब्राजील की महिला खिलाड़ी चार से 22 अप्रैल तक होने वाले टूर्नामेंट में खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रहीं हैं।
इस टूर्नामेंट के लिए ब्राजील टीम में कई बार फीफा की सर्वश्रेष्ठ महिला फुटबाल खिलाड़ी का खिताब जीतने वाली मार्टा और 39 वर्षीया फोर्मिगा भी शामिल हैं।
ब्राजील की टीम ने कोच वडाओ के मार्गदर्शन में चीन में कोपा सीएफए का खिताब जीता था। सितम्बर में कोच के निष्कासन के खिलाफ प्रदर्शन करने वाली सभी खिलाड़ी टीम में लौट आई हैं।
ब्राजील की टीम के लिए कोपा अमेरिका टूर्नामेंट बेहद अहम है, क्योंकि इसके जरिए ही महिला विश्व कप-2019 और 2020 टोक्यो ओलम्पिक के द्वार खुलेंगे।
लैटिन अमेरिका में शानदार प्रदर्शन के बावजूद ब्राजील की महिला टीम ने अभी तक ओलम्पिक खेलों का स्वर्ण पदक नहीं जीता है। उन्होंने 2004 और 2008 में रजत पदक हासिल किया था।
ब्राजील की महिला फुटबाल टीम को अभी विश्व कप का खिताब भी जीतना बाकी है।
–आईएएनएस

और भी हैं
टेस्ट मैच: बांग्लादेश ने रखा 479 रनों का लक्ष्य, चौथे दिन तक अफगानिस्तान ने गंवाए 3 विकेट
एशियन गेम्स 2026: फाइनल में भारतीय महिला टीम ने रचा इतिहास, टी20 इंटरनेशनल में हासिल की अपनी सबसे बड़ी जीत
यह बहुत अच्छा एहसास, हमारी गेंदबाजी यूनिट खास तारीफ की हकदार: हरमनप्रीत कौर