लखनऊ/अमेठी : उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के फुरसतगंज थाना क्षेत्र के पूरे केवई गांव में बुधवार की आधी रात घरेलू विवाद से तंग एक महिला ने पहले अपनी दो मासूम बेटियों को कथित रूप से फांसी पर लटका दिया, फिर खुद अपने घर के सामने के कुएं में कूदकर आत्महत्या की कोशिश की। अपर पुलिस अधीक्षक बी.सी दुबे ने गुरुवार को बताया कि बुधवार की आधी रात बाद पुलिस को पूरे केवई गांव में घरेलू विवाद से तंग आकर महिला नीलू (30) द्वारा कुएं में कूदकर आत्महत्या की कोशिश किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने आनन-फानन में ग्रामीणों के सहारे महिला को कुएं से निकालकर अमेठी की सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है।
उन्होंने बताया कि गुरुवार को महिला के जेठ का लड़का (भतीजा) जब घर के अंदर गया तो उसकी दो नाबालिग बेटियों रिमझिम और लक्ष्मी के शव फांसी के फंदे पर लटक रहे थे। ऐसा लग रहा है कि महिला ने खुद बेटियों को फांसी पर लटकाने के बाद आत्महत्या के लिए कुएं में कूदी है। महिला अभी कुछ बताने की स्थिति में नहीं है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला का पति दिल्ली में मजदूरी करता है, उसे घटना की सूचना दे दी गई है। बुधवार की शाम सास-बहू के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। पोस्टमॉर्टम कराने के बाद दोनों बच्चियों के शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
–आईएएनएस

और भी हैं
जामिया में छात्र संघ की बहाली की मांग पर सहमति, भूख हड़ताल कर रहे छात्रों ने खत्म किया अनशन
देशभर में नेताओं ने मनाया करवा चौथ का पर्व, चांद के दीदार के बाद खोला व्रत
चक्रवात ‘अर्नब’ से आंध्र प्रदेश में सात मौतें, 4,600 करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान : सीएम नायडू