✅ Janmat Samachar.com© provides latest news from India and the world. Get latest headlines from Viral,Entertainment, Khaas khabar, Fact Check, Entertainment.

आईपीएल 2026: जीटी ने टॉस जीत चुनी गेंदबाजी, केकेआर की नजर बड़े स्कोर पर

कोलकाता, 16 मई। आईपीएल 2026 का 60वां मैच कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच इडेन गार्डेन्स में खेला जा रहा है। जीटी के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।

टॉस जीतने के बाद गिल ने कहा, “हम पहले गेंदबाजी करेंगे। कल थोड़ी बारिश हुई थी। हमें उम्मीद है कि दूसरी पारी में हालात बेहतर हो जाएंगे। हमारी गेंदबाजी इकाई जबरदस्त रही है। मोमेंटम हमारे साथ है। यह किसी भी टीम को हल्के में लेने का समय नहीं है। अगर आप टॉप-2 में रहते हैं, तो आपको एक अतिरिक्त मैच मिलता है। हम उसी टीम के साथ खेलेंगे।”

केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा, “हम एक-एक करके हर मैच पर ध्यान दे रहे हैं। हमें तीन मैच जीतने हैं और फिर देखना है कि आगे क्या होता है। पिछले पांच मैचों में हमने बहुत बढ़िया क्रिकेट खेला है। हम पहले फील्डिंग करना भी चाह रहे थे। पिच में थोड़ी नमी है। मुझे नहीं लगता कि इससे बहुत ज्यादा फर्क पड़ेगा। वरुण फिट हैं और टीम में वापस आ गए हैं।”

केकेआर 11 मैचों में 4 जीत और एक रद्द मैच से 1 अंक से हासिल कर कुल 9 अंकों के साथ अंकतालिका में आठवें स्थान पर है। टीम प्लेऑफ की दौर से अभी आधिकारिक रूप से बाहर नहीं हुई है, लेकिन प्लेऑफ में पहुंचना लगभग असंभव है। हालांकि केकेआर बाकी बचे 3 मैच निश्चित रूप से बड़े अंतर से जीतना चाहेगी और इसकी शुरुआत जीटी के खिलाफ करना चाहेगी।

शुभमन गिल की कप्तानी में जीटी ने पिछले 5 मैच जीते हैं। टीम 12 मैचों में 8 जीत से 16 अंक लेकर अंकतालिका में दूसरे स्थान पर है। केकेआर के खिलाफ जीत हासिल कर जीटी प्लेऑफ में आधिकारिक रूप से जगह बनाने की कोशिश करेगी।

सीजन में केकेआर के खिलाफ खेला गया पहला मुकाबला जीटी ने 5 विकेट से जीता था।

केकेआर प्लेइंग इलेवन: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, सौरभ दुबे, कार्तिक त्यागी।

जीटी प्लेइंग इलेवन: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, रविश्रीनिवासन साई किशोर, मोहम्मद सिराज।

–आईएएनएस

About Author