मुंबई| बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान का कहना है कि वह आलीशान बंगले के लिए अपने माता-पिता को नहीं छोड़ेंगे। सलमान फिल्म जगत के दिग्गज पटकथा लेखक सलीम खान और सुशीला चरक के बेटे हैं।
बच्चों के लोकप्रिय संगीत रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा लिटिल चैम्प्स’ के सीजन-6 में अपने भाई और अभिनेता-निर्माता सोहेल खान के साथ सलमान अपनी आगामी फिल्म ‘ट्यूबलाइट’ का प्रचार करने पहुंचे हुए थे।
इस शो के दौरान शो के एक प्रतिभागी धिरून टिकू ने सलमान से कहा कि वह आलीशान बंगला खरीद सकते हैं, इसके बावजूद वह अब भी फ्लैट में क्यों रहते हैं?
इसके जवाब में सलमान ने कहा, “मुझे आलीशान बंगले के बजाय अपने बांद्रा के एक फ्लैट में रहना अच्छा लगता है, क्योंकि उस फ्लैट के ऊपर वाले हिस्से में मेरे माता-पिता रहते हैं।”
सलमान ने कहा, “इस पूरी इमारत में रहने वाले लोग एक परिवार की तरह ही हैं। जब हम छोटे थे, तो इसमें रहने वाले बच्चे सभी नीचे वाले बगीचे में एक साथ खेलते थे और कभी-कभी तो वहीं सो जाते थे।”
अभिनेता ने कहा कि उस फ्लैट से उनकी कई यादें जुड़ी हैं, इसलिए वह उससे भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं।
‘सा रे गा मा पा लिटिल चैम्प्स’ के सीजन-6 का प्रसारण टेलीविजन चैनल ‘जी-टीवी’ पर होता है।
–आईएएनएस

और भी हैं
शिल्पा शेट्टी से लेकर मीरा राजपूत तक, अनिल कपूर के घर पर सितारों से सजा करवा चौथ का जश्न
न ही एक्ट्रेस बनने का सपना, न फिल्मी बैकग्राउंड… एक होर्डिंग ने ऐसे चमकाई कृति खरबंदा की किस्मत
राष्ट्रपति मुर्मु से मिले गायक हरिहरन, ‘वंदे मातरम’ का स्पेशल विनाइल किया भेंट