तेहरान| ईरान ने 2,000 किलोमीटर की दूरी तक मार करने में सक्षम एक बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, ईरान के सरकारी चैनल प्रेस टीवी ने नई बैलिस्टिक मिसाइल ‘खोर्रामशाहर’ के सफल परीक्षण के एक फुटेज का प्रसारण किया। इसे शुक्रवार को एक सैन्य परेड में पेश किए जाने के कुछ ही घंटों बाद लॉन्च किया गया।
इस सैन्य परेड में राष्ट्रपति हसन रूहानी और वरिष्ठ सैन्य अधिकारी शामिल हुए।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस मिसाइल को शुक्रवार देर शाम लॉन्च किया गया। इस संबंध में अधिक जानकारी नहीं मिली है।
इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) ऐरोस्पेस डिविजन के वरिष्ठ कमांडर ब्रिगेडियर जनरल अमीर अली हाजिजादेह ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि यह बैलिस्टिक मिसाइल एक साथ कई हथियार ले जाने में सक्षम है।
हाजिजादेह ने बताया, “यह मिसाइल ईरान की अन्य बैलिस्टिक मिसाइलों की तुलना में आकार में छोटी लेकिन अधिक प्रभावशाली है। इसे निकट भविष्य में उपयोग में लाया जाएगा।”
ईरान सैन्यबल ने शुक्रवार को इराक के साथ 1980-1988 युद्ध की याद में एक सैन्य परेड का आयोजन किया था, जिसमें देश की उन्नत सैन्य शक्तियों को पेश किया गया।
–आईएएनएस

और भी हैं
मैजिकम में बर्लिन की जादू की छिपी हुई दुनिया को जानें
तुर्की में एयर फोर्स वन से फूड ट्रक में छिपकर निकले ट्रंप, सैन्य विमान से पहुंचे थे ब्रिटेन: रिपोर्ट
भारत और नीदरलैंड ने जारी किया संयुक्त बयान, कई एमओयू और आशय पत्र पर हुए हस्ताक्षर