कोलकाता : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 1.8 अरब डॉलर के बैंक धोखाधड़ी मामले में यहां चार मॉल में स्थित गीतांजलि जेम्स के फ्रेंचाइजी आउटलेट में तलाशी ली। ईडी के एक अधिकारी ने रविवार को बताया, “बैंक धोखाधड़ी के मामले में यहां चार मॉल में गीतांजलि जेम्स के फ्रेंचाइजी आउटलेट में कई टीमें तलाशी ले रही हैं।”
शहर में आभूषण प्रतिष्ठानों के आउटलेट्स की तलाशी देशभर में ईडी की ओर से रविवार को ली गई तलाशी का हिस्सा है। पंजाब नेशनल बैंक के करोड़ों रुपये के घोटाले के सिलसिले में ईडी ने भारत के 15 शहरों में 45 ठिकानों पर रविवार को छापेमारी की।
इससे पहले, ईडी ने शुक्रवार और शनिवार को भी 11,300 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में देशभर में क्रमश: 35 और 21 ठिकानों पर छापेमारी कर 5,674 करोड़ रुपये मूल्य के हीरा, सोना व जेवरात जब्त किए।
जांच एजेंसी ने मेहुल चोकसी के स्वामित्व वाले आभूषण प्रतिष्ठान के पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित फ्रेंचाइजी स्टोर में भी शनिवार को छापेमारी की। दरअसल, मेहुल चोकसी का नाम घोटाले में आया है।
देश में सार्वजनिक क्षेत्र के दूसरे सबसे बड़े बैंक, पंजाब नेशनल बैंक की मुंबई स्थित एक शाखा में 1.8 अरब डॉलर का फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है।
–आईएएनएस

और भी हैं
शहरों की चकाचौंध में गांव, गरीब और खेती को न भूलें’, शिवराज सिंह चौहान का कॉरपोरेट जगत से आह्वान
यूपी एमएलसी चुनाव: कई सीटों पर मतगणना जारी भाजपा ने चार सीटें जीतीं, वाराणसी में सपा का कब्जा
राजस्थान पंचायत चुनाव: दूसरे चरण का मतदान शुरू, सीएम भजनलाल बोले- पहले मतदान, फिर जलपान