नई दिल्ली | दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी के सभी सातों सांसदों और 70 विधायकों को हर महीने मुफ्त राशन के दो-दो हजार कूपन देने का निर्णय लिया है। सांसद, विधायक इन मुफ्त राशन के कूपन को अपने-अपने क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों को बांट सकेंगे। यह फैसला दिल्ली में एक करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मुहैया कराने की योजना के तहत किया गया है। दिल्ली में एक करोड़ लोगों को मुफ्त राशन वितरित किया जाएगा। यह संख्या दिल्ली की कुल आबादी का लगभग 50 प्रतिशत है।
मुफ्त राशन अब उन लोगों को भी दिया जाएगा, जिनके पास राशन कार्ड नहीं है, लेकिन उन्हें इस राशन की आवश्यकता है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा, दिल्ली के सभी सातों सांसदों व सभी 70 विधायकों को राशन के दो-दो हजार कूपन दिए जाएंगे। सांसद और विधायक अपने क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद लोगों को ये कूपन वितरित करेंगे, जिससे जरूरतमंद लोगों को मुफ्त राशन मिल सकेगा।
सांसदों और विधायकों के माध्यम से वितरित किए जाने वाले कूपन से जरूरतमंद लोगों को महीने का पांच किलो राशन मुफ्त दिया जाएगा।
केजरीवाल ने मंगलवार को कहा, दिल्ली में 71 लाख राशन कार्ड धारकों को सात किलो 500 ग्राम राशन फ्री मुहैया कराया गया है। सरकार अब 30 लाख ऐसे लोगों को भी राशन मुहैया कराएगी, जिनके पास राशन कार्ड नहीं हैं। इनमें से कई ऐसे लोग हैं, जो चार-छह महीना पहले कामकाज की तलाश में दिल्ली आए थे। सरकार अब ऐसे सभी लोगों को पांच किलो राशन देगी।
— आईएएनएस

और भी हैं
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने किया रावण दहन, यामी गौतम और आनंद एल राय ने चलाए बुराई के प्रतीक पुतलों पर तीर
220 फीट की ऊंचाई से संजीवनी बूटी से सजा पूरा पर्वत उठा लाए हनुमान जी!
सोने की विशाल लंका धू धू करते जली