✅ Janmat Samachar.com© provides latest news from India and the world. Get latest headlines from Viral,Entertainment, Khaas khabar, Fact Check, Entertainment.

राहुल गांधी पर सिरसा का तंज, ‘वे पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं’

नई दिल्ली, 2 जून । दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर सोमवार को जोरदार तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं और चीन से चंदा लेते हैं।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान सिरसा ने राहुल गांधी के साथ कांग्रेस पार्टी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पाकिस्तान के नक्शेकदम पर चल रहे हैं। पाकिस्तान जो सवाल पूछता है, वही सवाल राहुल गांधी पूछने का काम करते हैं। राहुल गांधी की ओर से पूछे गए सवाल पाकिस्तान के टीवी चैनलों पर चलाए जाते हैं।

सिरसा ने कहा कि देश की जनता देख रही है कि राहुल गांधी देश के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि उनके मन में कुछ और ही चल रहा है।

दरअसल, ऑपरेशन सिंदूर और भारत-पाक सीजफायर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता को लेकर कांग्रेस लगातार केंद्र से सवाल पूछ रही है और मांग कर रही है कि किन परिस्थितियों में सीजफायर करना पड़ा, इसकी जानकारी संसद का विशेष सत्र बुलाकर दें।

दिल्ली की भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने पर मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि आज हम विभिन्न स्थानों पर नई सड़कों, सीवेज लाइनों और पेयजल आपूर्ति पर काम शुरू करने जा रहे हैं। पिछले 100 दिनों में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बहुत मेहनत की है। पूर्व की सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल के दौरान सिर्फ बहाने बनाए गए हैं। हमारे सामने चुनौतियां हैं, जिससे हमें निपटना है। इसीलिए दिल्ली में काम करने वाली सरकार आई है, बहाना बनाने वाली सरकार नहीं।

सिरसा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “आज नवजीवन स्कूल में पौधरोपण करते समय बच्चों की आंखों में हरियाली के सपने देखे। विश्व पर्यावरण दिवस के इस सप्ताह में मैंने एक संकल्प लिया है। प्रकृति से प्रेम को सिर्फ शब्दों में नहीं, काम में भी बदलना है। पर्यावरण की रक्षा सिर्फ एक दिन की मुहिम नहीं, यह एक जीवनशैली है। पीएम मोदी की सोच और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में पौधा लगाना, जल बचाना और धरती को संवेदनशीलता से देखना, यही है असली विकसित भारत और विकसित दिल्ली का सपना।“

–आईएएनएस

About Author